Harshit Rana: टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, वार्मअप मैच में चोटिल हुए हर्षित राणा

T20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से शुरू होने वाला है, लेकिन उससे पहले भारतीय टीम चोटों की समस्या से जूझ रही है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल हो गए और सिर्फ एक ओवर डालकर मैदान से बाहर चले गए। हालांकि बीसीसीआई ने अब तक उनकी चोट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है

अपडेटेड Feb 05, 2026 पर 5:09 PM
Story continues below Advertisement
वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भारतीय टीम चोटों के समस्या से जूझ रही है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्म-अप मैच के दौरान हर्षित चोटिल हो गए। हालत यह थी कि उनके लिए ठीक से चल पाना भी मुश्किल हो गया। हर्षित ने सिर्फ एक ओवर डाला, जिसमें 16 रन गए और इसके बाद लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। बुधवार रात को ये मुकाबला DY पाटिल स्टेडियम में खेला गया था।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत को ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक दो दिन पहले फिटनेस से जुड़ी एक और चिंता का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय टीम 7 फरवरी को USA के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला मैच खेलेगी।

अब तक नहीं दी कोई जानकारी


हर्षित गेंदबाजी के दौरान वह दो बार अपना रन-अप अधूरा छोड़ते हुए दिखाई दिए, जिससे साफ था कि उन्हें परेशानी हो रही है। थोड़ी देर बाद वह घुटने को पकड़ते हुए लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। हालांकि बीसीसीआई ने अब तक उनकी चोट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन जिस हालत में हर्षित मैदान से बाहर गए, उसने फैंस और टीम मैनेजमेंट की चिंता जरूर बढ़ा दी है। हर्षित ने अब तक खुद बैटिंग और बॉलिंग में टीम को काफी योगदान दिया है। इसी वजह से भारत की पहले से मजबूत बैटिंग लाइन-अप को और गहराई मिलती है।

वाशिंगटन को भी लगी थी चोट

टीम मैनेजमेंट पहले से ही वाशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर चिंतित है। सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान पसलियों में चोट लगी थी और तब से वह मैदान से बाहर हैं। हालांकि, इसके बावजूद वह भारत की टीम का हिस्सा बने हुए हैं। टूर्नामेंट के शुरू होने में अब 2 दिन से भी कम समय बचा हुआ है। ऐसे में टीमों के खिलाडियों को चोट लगना कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

फिट हुए तिलक वर्मा

दूसरी तरफ तिलक वर्मा पूरी तरह फिट नजर आए और उन्होंने कल रात के वार्म-अप मैच में शानदार बल्लेबाजी की है। तिलक ने 19 गेंदों में तीन चौकों और कई छक्कों की मदद से 45 रन बनाए और टीम को 240/6 के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। ओपनर ईशान किशन ने रिटायर्ड आउट होने से पहले 20 गेंदों में 53 रन की तेज हाफ-सेंचुरी लगाई, जबकि अभिषेक शर्मा ने 18 गेंदों में 24 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच में अभिषेक और तिलक समेत कुल नौ गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 210/7 रन बनाए। इस मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मैदान पर नहीं उतरे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।