'T20 World Cup भारत में खेलो नहीं तो...', बांग्लादेश के ड्रामे पर ICC का अल्टीमेटम

ICC T20 World Cup 2026 : बता दें कि इस साल होने वाला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। ये वर्ल्ड कप 7 फरवरी 2025 से खेला जाएगा। वहीं वर्ल्ड कप शुरू होने से कुछ ही महिनों पहले बांग्लादेश ने नया राग अलापना शुरू कर दिया था

अपडेटेड Jan 19, 2026 पर 4:30 PM
Story continues below Advertisement
टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले बांग्लादेश का ड्रामा खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है।

टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में अब मात्र कुछ दिनों का ही समय बचा है पर बांग्लादेश का ड्रामा खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। बांग्लादेश ने पहले भारत में ना खेलने की ICC से गुहार लगाई फिर ग्रुप बदलने की मांग करने लगा। वहीं अब बांग्लादेश को ICC ने कड़ी फटकार लगाई है।ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर टीम भारत में खेलने को तैयार नहीं होती है, तो उसे टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होकर कम रैंक वाली टीम से बदले जाने का खतरा हो सकता है।

ICC ने दी बांग्लादेश को सख्त चेतावनी 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 21 जनवरी तक अपना अंतिम फैसला लेने का समय दिया है। अगर तय समय तक बांग्लादेश की ओर से सहमति नहीं मिलती, तो ICC बांग्लादेश की जगह किसी दूसरी टीम को शामिल करने पर विचार कर सकता है। यह सख्त रुख ICC ने बांग्लादेश के एक अहम प्रस्ताव के ठीक एक दिन बाद अपनाया है। दरअसल, बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप में अपना ग्रुप बदलने की मांग की थी, ताकि टीम को भारत में मैच खेलने से बचाया जा सके। यह बात बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उस बैठक के बाद सार्वजनिक की, जो मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े हालात पर चर्चा के लिए ICC का प्रतिनिधिमंडल बांग्लादेश पहुंचने पर हुई थी।


7 फरवरी से शुरू हो रहा वर्ल्ड कप

इस पूरे विवाद की असली वजह यह है कि बांग्लादेश ने अब तक भारत में अपने तय ग्रुप-स्टेज मैच खेलने से इनकार किया है। जबकि टी20 वर्ल्ड कप (ICC Men's T20 World Cup 2026) की आधिकारिक मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं और यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 के बीच खेला जाना है। इसी फैसले को लेकर बांग्लादेश और ICC के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं।

ग्रुप बदलने की मांग भी उठा चुका है बांग्लादेश

ICC ने नवंबर में बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें टीम को ऐसे ग्रुप में रखा गया है जिसके मैच भारत के कोलकाता और मुंबई में खेले जाने हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक बांग्लादेश के मुकाबले ईडन गार्डेन और वानखेड़े स्टेडियम में होने हैं। हालांकि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा का हवाला देते हुए खुले तौर पर अपनी चिंता जताई है और साफ कहा है कि वह नहीं चाहता कि उसकी टीम टूर्नामेंट के लिए भारत आए।

हालांकि ICC ने साफ संकेत दिए हैं कि वह इतने कम समय में पूरे टूर्नामेंट की योजना बदलने के मूड में नहीं है। सूत्रों के मुताबिक ICC को इन मैचों को किसी दूसरी जगह कराने की कोई ठोस वजह नजर नहीं आ रही है। चूंकि टूर्नामेंट शुरू होने में अब कुछ ही हफ्ते बचे हैं, इसलिए यह मामला और उलझ गया है और किसी बड़े विवाद से बचने के लिए ICC को BCB से सीधे बातचीत करनी पड़ रही है। दिलचस्प बात यह है कि BCB और ICC के बीच मौजूदा तनाव की जड़ एक अलग विवाद से जुड़ी है, जिसकी शुरुआत ग्लोबल टूर्नामेंट नहीं बल्कि IPL से हुई थी।

BCCI ने 3 जनवरी को केकेआर से कहा था कि वह बांग्लादेशी तेज़ गेंदबाज़ मुजफिजुर रहमान का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दे। इसके पीछे BCCI ने “आसपास हो रहे घटनाक्रम” का हवाला दिया था। यह फैसला उस समय लिया गया, जब बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ हिंसा की खबरों को लेकर भारत में राजनीतिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।