बांग्लादेश ने ग्रुप स्टेज मैचों के लिए सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। इसके कुछ समय बाद पाकिस्तान ने भी टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ अपना मैच न खेलने का फैसला किया, जिससे क्रिकेट जगत में हैरानी फैल गई। वहीं इस पर इंग्लैड के पूर्व क्रिकेटर मार्क बुचर ने अपना रिएक्शन दियो है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क बुचर ने आईसीसी की मौजूदा आयोजन से जुड़ी परेशानियों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात भारत और आईसीसी के लिए बड़ी समस्या बन सकते हैं।
शेड्यूलिंग टकराव और राजनीतिक कारणों से पैदा हुआ ये विवाद टूर्नामेंट के सबसे अहम और कमाई वाले मैच पर असर डाल सकता है, जिससे आईसीसी को बड़ा नुकसान हो सकता है।
स्टिक टू क्रिकेट पॉडकास्ट पर मार्क बुचर ने कहा, “दोनों देशों के लोग आम तौर पर भाई-बहन जैसे हैं और आपस में अच्छी तरह रहते हैं। भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच भी हमेशा से अच्छे रिश्ते रहे हैं। लेकिन राजनीतिक हालात इसे मुश्किल बना देते हैं, इसलिए दोनों देश द्विपक्षीय सीरीज में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलते। हालांकि आईसीसी टूर्नामेंट में उन्हें अक्सर एक ही ग्रुप में रखा जाता है। ऐसा क्यों? क्योंकि यह क्रिकेट की दुनिया का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला मैच है और कुछ लोग तो इसे पूरी खेल दुनिया का सबसे बड़ा मुकाबला मानते हैं।”
इस मैच से सबसे ज्यादा कमाई
बुचर ने आगे कहा कि इस बड़े और हाई-प्रोफाइल मुकाबले की अहमियत और उससे होने वाली कमाई को देखते हुए, अगर इसका बहिष्कार होता है तो यह भारत और आईसीसी दोनों के लिए एक बड़ी आपदा साबित हो सकता है। बुचर ने कहा, “पाकिस्तान ने जवाब में कहा, ‘ठीक है, हम टूर्नामेंट में हिस्सा लेना चाहते हैं, लेकिन हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे, क्योंकि आपने बांग्लादेश के साथ जो किया है।’”
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के मुताबिक, “आपको चैंपियंस ट्रॉफी खेलने का मौका मिला, जो पाकिस्तान और दुबई में होनी थी, लेकिन आपने बांग्लादेश के साथ वैसा व्यवहार नहीं किया। इसलिए अपने मुस्लिम भाईचारे के तहत हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे।”
भारत-आईसीसी के लिए बड़ी परेशानी
बुचर के मुताबिक, अगर ऐसा होता है तो यह भारत और आईसीसी दोनों के लिए बड़ी परेशानी होगी, क्योंकि इस मुकाबले से होने वाली कमाई बहुत ज्यादा होती है और उसके बिना टूर्नामेंट को बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा, “अब पाकिस्तान ऐसी स्थिति में है जहां वह भारत के छोटे भाई या रिश्तेदार की तरह दिखता है, जबकि भारत काफी हद तक अपनी शर्तों पर चलता है। भारत क्रिकेट की दुनिया का सबसे ताकतवर और सबसे अमीर देश है, इसलिए पाकिस्तान को कई मामलों में यह स्थिति स्वीकार करनी पड़ती है।”
उन्होंने कहा, “जब पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी हुई, तो पहले से ही अंदाज़ा था कि भारत पाकिस्तान जाकर नहीं खेलेगा। इसलिए पूरा कार्यक्रम बदलना पड़ा, और यहीं से मेरी सबसे बड़ी समस्या शुरू होती है। जब ऐसा होता है, तो इसका असर बाकी सभी टीमों पर पड़ता है। उनका शेड्यूल बदल जाता है, उन्हें देश से बाहर जाकर भारत से उस जगह खेलना पड़ता है जहाँ मैच तय होता है, और बाकी टीमों को भी उसी हिसाब से अपने कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ता है।”