टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज और टेस्ट-वनडे कैप्टन पैट कमिंस चोट के कारण आगामी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बता दें कि, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने मुख्य स्क्वॉड का एलान कर दिया है। बोर्ड ने पहले जो टीम चुनी थी, उसमे पैट कमिंस भी थे लेकिन मुख्य स्क्वॉड में वह शामिल नहीं हैं। सिर्फ कमिंस नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया ने अपने प्रारंभिक स्क्वॉड से 2 बदलाव किए हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम में बड़ा बदलाव
ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स टोनी डोडमाइड ने बताया कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को पैट कमिंस की जगह टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला टीम के संतुलन और खिलाड़ियों की फिटनेस को ध्यान में रखकर लिया गया है। डोडमाइड ने कहा कि पैट कमिंस को अपनी पीठ की चोट से पूरी तरह ठीक होने के लिए अभी और समय चाहिए। वहीं बेन ड्वारशुइस पूरी तरह फिट हैं और टीम के लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि बेन बाएं हाथ से तेज गेंदबाज़ी करते हैं, अच्छी फील्डिंग भी करते हैं और ज़रूरत पड़ने पर निचले क्रम में बल्लेबाज़ी कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बेन गेंद को अच्छी रफ्तार से स्विंग करा सकते हैं और उनके पास गेंदबाज़ी में अलग-अलग तरह के बदलाव भी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस एशेज सीरीज से पहले पीठ की चोट के कारण लंबे समय तक ब्रेक पर रहे थे। इसी चोट की वजह से वह पांच मैचों की एशेज सीरीज में सिर्फ एक टेस्ट ही खेल पाए। इससे उनके वर्कलोड और लंबे समय तक फिट रहने को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं। कमिंस को इस दौर के बेहतरीन तेज गेंदबाज़ों में गिना जाता है। उनके बाहर होने से ऑस्ट्रेलिया को उनके अनुभव और मैच को समझने की क्षमता की कमी महसूस होगी, खासकर मुश्किल हालात में।
कमिंस, इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान भी हैं। साल 2024 के आईपीएल सीजन में उन्होंने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाया था, जहां टीम रनर-अप रही। इससे यह साफ होता है कि कमिंस न सिर्फ एक शानदार गेंदबाज़ हैं, बल्कि एक मजबूत लीडर भी हैं।
दूसरी तरफ, अनुभवी बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ को टीम में शामिल नहीं किया गया है। स्मिथ काफी समय से ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम की प्लान का हिस्सा नहीं रहे हैं। टीम की घोषणा से पहले ही उन्होंने मान लिया था कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका चयन मुश्किल है। बिग बैश लीग के दौरान सीजन की शुरुआत में स्मिथ ने कहा था, “मुझे लगता है कि अब टी20 वर्ल्ड कप का मौका निकल गया है। टीम के पास दो ओपनिंग बल्लेबाज हैं, जो बहुत अच्छा खेल रहे हैं। मैं यहां जो कर सकता हूं, वह करते हुए और खेल का आनंद लेते हुए खुश हूं।”