Nasser Hussain: 'भारत अगर बांग्लादेश की जगह ऐसा करता तो...' वर्ल्ड कप विवाद पर नासिर हुसैन ने ICC को लेकर कही ये बात

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले चल रहे विवाद पर आईसीसी और बीसीसीआई की कड़ी आलोचना की है। पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले का जिक्र करते हुए उन्होंने ICC पर भेदभाव का आरोप लगाया है। हुसैन के मुताबिक इससे विश्व क्रिकेट में असंतुलन बढ़ रहा है

अपडेटेड Feb 05, 2026 पर 3:59 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हुसैन ने कहा कि ICC ताकतवर बोर्ड्स, खासकर भारत को ज्यादा तरजीह देती है

T20 World Cup: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले मचे विवाद पर अपना रिएक्शन दिया है। नासिर हुसैन ने T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चल रहे विवाद पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड पर कड़ी टिप्पणी की है। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने और पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के फैसले का जिक्र करते हुए उन्होंने ICC पर भेदभाव का आरोप लगाया है।

स्काई स्पोर्ट्स पॉडकास्ट पर माइकल एथरटन के साथ बातचीत में हुसैन ने कहा कि ICC ताकतवर बोर्ड्स, खासकर भारत को ज्यादा तरजीह देती है, जिससे विश्व क्रिकेट में असंतुलन और बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले को क्रिकेट के लिए नुकसानदायक बताया।

विवाद पर नासिर ने दिया रिएक्शन


नासिर हुसैन ने हैरानी जताते हुए कहा, “अगर भारत किसी टूर्नामेंट से एक महीने पहले ये कह देता कि हमारी सरकार नहीं चाहती कि हम वर्ल्ड कप के लिए किसी देश में खेलें, तो क्या ICC इतना सख्त होता कि कहता, ‘तुम्हें नियम पता हैं, बदकिस्मती है, अब हम तुम्हें टूर्नामेंट से बाहर कर रहे हैं’?” उन्होंने आगे कहा, “हर कोई बस एक ही सवाल उठा रहा है और वह है बराबरी। बांग्लादेश, पाकिस्तान और भारत—तीनों के साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए। हां, भारत के फैंस कह सकते हैं कि हमारे पास पैसा है, लेकिन ताकत के साथ जिम्मेदारी भी आती है।"

उन्होंने आगे कहा, "अगर बांग्लादेश या पाकिस्तान को बार-बार दबाया जाएगा, तो उनका क्रिकेट कमजोर होता जाएगा। इसी वजह से समय के साथ भारत-पाकिस्तान या भारत-बांग्लादेश के बड़े मुकाबले एकतरफा होते चले गए हैं।”

पाकिस्तान-बांग्लादेश को किया सपोर्ट

हुसैन ने भारत के सामने मजबूती से खड़े होने के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों की तारीफ की और कहा कि राजनीति को खेल से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मुझे वाकई बांग्लादेश का अपनी बात पर डटे रहना और अपने खिलाड़ियों के लिए खड़ा होना पसंद है। मुझे पाकिस्तान का भी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा होना अच्छा लगा। किसी न किसी मोड़ पर किसी को यह कहना चाहिए कि अब बहुत हो गई राजनीति, क्या अब हम फिर से क्रिकेट खेलना शुरू कर सकते हैं?”

आसीसी ने बांग्लादेश को किया बाहर

बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया क्योंकि उन्होंने भारत में अपने मैच खेलने से मना कर दिया था और मुकाबले भारत की जगह श्रीलंका में कराने की मांग की थी। ICC ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को टूर्नामेंट में खेलने को लेकर फैसला लेने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया था। इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी ने कहा कि टूर्नामेंट में खेलने या न खेलने का फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। नकवी ने बताया कि खिलाड़ियों को रविवार को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति मिल गई थी, लेकिन टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने मैदान पर नहीं उतरेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।