टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से शुरु होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत शनिवार को कोलंबो से होगी। भारत में पहला मैच ईडन गार्डन्स में स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच को ने खेलने की बात कही है। वहीं इस पर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने अपना रिएक्शन दिया है। भारत के पूर्व कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच न खेलने के फैसले पर हैरानी जताई है।
बता दें भारत और पाकिस्तान के बीच ये मुकाबला 15 फरवरी 2025 को कोलंबो में खेला जाना तय है। पाकिस्तान ने इस मैच को बॉयकॉट करने की बात कही है।
सौरव गांगुली ने कहा, “मुझे नहीं पता कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ क्यों नहीं खेलेगा। मैंने पहली बार सुना है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा।” गांगुली ने कहा कि भारत ट्रॉफी जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक है। उन्होंने कहा, “ये अपने देश में हो रहा वर्ल्ड कप है और इंडिया के यहां जीतने के अच्छे मौके हैं।” इसके साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में बांग्लादेश के न खेलने पर भी निराशा जताई और कहा कि उस टीम को वर्ल्ड कप में जरूर हिस्सा लेना चाहिए था।
ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो रहा है। कोलकाता के इस बड़े स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस कमिश्नर खुद तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। टूर्नामेंट को सही और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल, बीसीसीआई और आईसीसी मिलकर काम कर रहे हैं।
पाकिस्तान ने भारत से मैच बॉयकॉट करने की धमकी
पाकिस्तान टीम को अपनी सरकार की ओर से भारत के खिलाफ मैच न खेलने के निर्देश मिले हैं। ये फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी में बताया गया कि पाकिस्तान शनिवार से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। इस फैसले से फैंस, क्रिकेट एक्सपर्ट्स और आधिकारिक ब्रॉडकास्टर्स के बीच काफी भ्रम की स्थिति बन गई है। इस बीच पाकिस्तान के रुख को देखते हुए ICC ने भी एक बयान जारी किया है। इसमें PCB को चेतावनी दी गई है कि इस फैसले का लंबे समय में बड़ा असर पड़ सकता है।
आसीसी ने बांग्लादेश को किया बाहर
बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया क्योंकि उन्होंने भारत में अपने मैच खेलने से मना कर दिया था और मुकाबले भारत की जगह श्रीलंका में कराने की मांग की थी। ICC ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को टूर्नामेंट में खेलने को लेकर फैसला लेने के लिए सिर्फ 24 घंटे का समय दिया था। इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया। इस मुद्दे पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी ने कहा कि टूर्नामेंट में खेलने या न खेलने का फैसला पाकिस्तान सरकार लेगी।