T20 World Cup: नहीं खत्म हो रहा बांग्लादेश का ड्रामा, कहा - किसी के दबाव में नहीं बदलेगा अपना फैसला

टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। वहीं बांग्लादेश के भारत में आकर खेलने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हुई हैं। वहीं बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने ICC से कहा कि, वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश किसी भी तरह की गलत शर्त या बाहरी दबाव नहीं मानेगा

अपडेटेड Jan 20, 2026 पर 4:39 PM
Story continues below Advertisement
बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को साफ शब्दों में चेतावनी दी है

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने में अब एक महीने से भी कम का समय बचा हुआ है। टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा। वहीं बांग्लादेश के भारत में आकर खेलने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हुई हैं। आईसीसी और बीसीबी के बीच लगातार इस मुद्दे पर बात हो रही है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं हो सका। बांग्लादेश का पहला मैच 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ है। वहीं इस मुद्दे को लेकर बांग्लादेश के स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को साफ संदेश देते हुए कहा कि, T20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश किसी भी तरह की गलत शर्त या बाहरी दबाव नहीं मानेगा।

7 फरवरी से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट में बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने ग्रुप-स्टेज मैच खेलने से इनकार कर दिया। बांग्लादेश ने अपने मैच भारत की जगह श्रीलंका में करवाने का अनुरोध किया है।

स्पोर्ट्स एडवाइजर ने क्या कहा


मीडिया से बात करते हुए स्पोर्ट्स एडवाइजर आसिफ नजरुल ने कहा, “हमने अब तक ये नहीं सुना है कि हमारी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जा रहा है। अगर ICC दबाव डालता है या भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के आगे झुकता है और कोई गलत शर्तें लगाता है, या हम पर जोर डालने की कोशिश करती है, तो हम ऐसी शर्तों को स्वीकार नहीं करेंगे।” बता दें वेन्यू चेंज करने को लेकर बांग्लादेश और आईसीसी में पिछले तीन हफ्ते से खींचतान चल रही है।

पाकिस्तान का भी वेन्यू चेंज हुआ था

आसिफ नजरुल ने आगे कहा, “पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं जब पाकिस्तान ने भारत आने से मना किया था और तब ICC ने वेन्यू बदल दिए थे। हमने भी लॉजिकल ग्राउंड पर वेन्यू बदलने की मांग की है, लेकिन बिना किसी ठोस वजह के हम पर भारत में खेलने का दबाव नहीं बनाया जा सकता।” बांग्लादेश को वेस्ट इंडीज़, इटली, इंग्लैंड और नेपाल के साथ ग्रुप C में रखा गया है, जहां उनके मैच कोलकाता और मुंबई में खेले जाने हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश का शेड्युल

मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार बांग्लादेश को ग्रुप C में इटली, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और नेपाल के साथ रखा गया है। तय योजना के तहत बांग्लादेश अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद टीम वहीं दो और ग्रुप मुकाबले खेलेगी और फिर मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी। हालांकि पिछले तीन हफ्तों से लगातार बातचीत चल रही है, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकल पाया है, जबकि टूर्नामेंट का पहला मैच नजदीक आता जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।