T20 World Cup: 'बाकी देशों की तरह हम भी उस फंड...' पाकिस्तान के मैच बॉयकॉट के फैसले पर बांग्लादेश ने उठाए सवाल?

एक रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश बोर्ड के कई अधिकारी पाकिस्तान की इस अपील से नाराज हैं। इसकी वजह यह है कि भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से ICC को होने वाली कमाई पर बड़ा असर पड़ेगा। ये मैच किसी भी ICC टूर्नामेंट के कुल रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा लेकर आता है

अपडेटेड Feb 05, 2026 पर 3:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बांग्लादेश बोर्ड के कई अधिकारी पाकिस्तान की इस अपील से नाराज हैं

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। लेकिन वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पाकिस्तान का ड्रामा जारी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप मैच को बहिष्कार का ऐलान किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान के इस फैसले के लंबे समय तक असर पड़ने की चेतावनी दी है। वहीं वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की पाकिस्तान की अपील से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की चिंता बढ़ गई है।

कमाई को होगा नुकसान

एक रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश बोर्ड के कई अधिकारी पाकिस्तान की इस अपील से नाराज हैं। इसकी वजह यह है कि भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से ICC को होने वाली कमाई पर बड़ा असर पड़ेगा। ये मैच किसी भी ICC टूर्नामेंट के कुल रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा लेकर आता है। इस एक मुकाबले की अनुमानित कीमत करीब 500 मिलियन डॉलर (लगभग 4,500 करोड़ रुपये) है, जिसमें ब्रॉडकास्ट राइट्स, विज्ञापन, स्पॉन्सरशिप, टिकट बिक्री और दूसरी कमाई शामिल होती है।


इस मैच से होने वाला बड़ा फायदा सिर्फ भारत और पाकिस्तान तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका बड़ा हिस्सा ICC को भी मिलता है। अगर ICC की कमाई में कमी आती है, तो इसका सीधा असर उन दूसरे देशों पर भी पड़ सकता है, जिनकी क्रिकेट आमदनी काफी हद तक ICC के फंड पर निर्भर करती है।

क्रिकेट को होगा नुकसान

BCB के एक सीनियर डायरेक्टर ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर मशहूर बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम एलो से कहा, “अगर भारत-पाकिस्तान का मैच नहीं होता है, तो पूरी क्रिकेट दुनिया को आर्थिक नुकसान होगा। हमारा डिविडेंड भी घट जाएगा। हम ऐसा नुकसान बिल्कुल नहीं चाहते थे।" उन्होंने कहा, “पाकिस्तान भारतीय क्रिकेट को एक सख्त संदेश देना चाहता था। वे भारत के दबदबे को चुनौती देना चाहते थे। इस नजरिए से देखा जाए, तो उनके लिए यह फैसला सही माना जा सकता है।”

ICC की कमाई घटी तो हमें नुकसान

इस मुद्दे पर एक अन्य डायरेक्टर ने कहा कि बांग्लादेश से जुड़े हालात, जिनके कारण टीम टूर्नामेंट से बाहर हुई, ICC की सेंट्रल कमाई पर सीधा असर डालेंगे। उन्होंने कहा, “बाकी देशों की तरह हम भी उस फंड के हिस्सेदार हैं। केन्या या युगांडा जैसे देश 1 से 2 लाख डॉलर में भी खुश हो जाते हैं, लेकिन हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर और खर्च को देखते हुए अगर ICC की कमाई घटती है, तो हमारे लिए खुद को संभालना मुश्किल हो जाएगा।”अधिकारी ने ये भी कहा कि इस तनाव का असर एशिया कप समेत आने वाली बैठकों पर पड़ सकता है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर पहुंच जाएंगे।

दिलचस्प बात ये है कि पाकिस्तान के इस रुख को बांग्लादेश के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि T20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।