बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने फिर ICC से नई गुहार लगाई है। बांग्लादेश ने अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए उसका ग्रुप बदलने की मांग की है। वहीं BCB द्वारा ICC से मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने की मांग की खबरों के कुछ ही घंटों बाद, क्रिकेट आयरलैंड (CI) ने इस पर साफ़ जवाब दिया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट आयरलैंड के एक अधिकारी ने कहा कि ICC ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनका शेड्यूल नहीं बदला जाएगा। उन्होंने कहा, “हमें पूरी तरह आश्वस्त किया गया है कि हम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही खेलेंगे। हमारे सभी ग्रुप-स्टेज मैच श्रीलंका में ही होंगे।”
T20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड ग्रुप B में है। इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाबे और ओमान भी शामिल हैं। आयरलैंड अपने सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेलेगा—पहले तीन मैच कोलंबो में और आखिरी मैच पालेकेले में। वहीं बांग्लादेश ग्रुप C में है, जिसमें इंग्लैंड, वेस्ट इंडीज, नेपाल और इटली शामिल हैं। बांग्लादेश के तीन मैच कोलकाता में और एक मैच मुंबई में होने हैं। कुल मिलाकर, क्रिकेट आयरलैंड ने साफ कर दिया है कि आयरलैंड के मैचों का स्थान नहीं बदलेगा और वे तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका में खेलेंगे।
बोर्ड ने शनिवार को जारी बयान में कहा, "BCB ने ICC से बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराने की अपनी फॉर्मल रिक्वेस्ट दोहराई है। साथ ही बोर्ड ने यह भी कहा कि टीम, बांग्लादेशी प्रशंसकों, मीडिया और अन्य सभी संबंधित लोगों की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश सरकार की राय और चिंताओं की जानकारी भी ICC को दी गई है।" बयान में आगे कहा गया, "बातचीत सकारात्मक, सौहार्दपूर्ण और पूरी तरह प्रोफेशनल तरीके से हुई, जिसमें सभी पार्टियों ने जरूरी मुद्दों पर खुलकर बात की है। इसके अलावा, कम से कम लॉजिस्टिक बदलाव करते हुए मामले को आसान बनाने के लिए बांग्लादेश को किसी दूसरे ग्रुप में शामिल करने की संभावना पर भी विचार किया गया।
7 फरवरी से शुरु हो रहा है वर्ल्ड कप
भारत और श्रीलंका 7 फरवरी से शुरू होने वाले 2026 मेन्स T20 वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी करेंगे। लेकिन सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं और बांग्लादेश व भारत के बीच बने तनाव को देखते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) अपनी मांग पर कायम है। बोर्ड चाहता है कि टूर्नामेंट के लीग चरण में बांग्लादेश के सभी मैच श्रीलंका में कराए जाएं, ताकि टीम और उससे जुड़े सभी लोगों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।