T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल की जंग अब और दिलचस्प हो गई है। वर्ल्ड कप के सुपर-8 दौर में अभी तक सिर्फ इंग्लैंड ने ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की है। ग्रुप-1 में वेस्ट इंडीज, साउथ अफ्रीका, भारत और जिम्बाब्वे चारों टीमें अभी भी अगले दौर की रेस में बनी हुई हैं। वहीं ग्रुप-2 में इंग्लैंड सेमीफाइनल में जगह बना ली है, श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, जबकि न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के पास अब भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है। न्यूजीलैंड ने सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को 61 रन से हराकर न सिर्फ उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वहीं पाकिस्तान अभी भी सेमीफाइनल की दौड़ में बना हुआ है। आइए जानते हैं पाकिस्तान कैसे कर सकता है क्वालीफाई
ग्रुप में दुसरे नंबर पर है न्यूजीलैंड
बुधवार रात खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के बाद टीम का नेट रन रेट बढ़कर 3.050 हो गया है। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ उनका मैच बारिश के कारण टॉस के बाद ही रद्द हो गया था। मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूज़ीलैंड टीम के अब दो मैचों में कुल 3 अंक हो गए हैं और वह ग्रुप-2 की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। न्यूज़ीलैंड का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होने वाला है और अगर वह ये मैच जीत लेता है तो उसके कुल 5 अंक हो जाएंगे, जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने की राह लगभग साफ हो सकती है।
कैसे पहुंच सकती है पाकिस्तान
पाकिस्तान टीम फिलहाल एक अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। टीम का एक मैच बारिश की वजह से बेनतीजा रहा, जबकि दूसरे मुकाबले में उसे इंग्लैंड से हार मिली थी। हालांकि उनका नेट रन रेट -0.461 है, फिर भी गणितीय रूप से टीम अभी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। पाकिस्तान का अगला मैच 28 फरवरी को श्रीलंका से है। अगर पाकिस्तान ये मैच जीतता है तो उसके कुल 3 अंक ही हो पाएंगे। हालांकि अगर न्यूज़ीलैंड को इंग्लैंड से हार मिलती है, तब भी टीम तुरंत टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी और ऐसे में सेमीफाइनल की तस्वीर नेट रन रेट के आधार पर तय हो सकती है।
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को अब दूसरे मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। सलमान आगा की कप्तानी वाली टीम को सबसे पहले उम्मीद करनी होगी कि न्यूज़ीलैंड, इंग्लैंड से हार जाए। इसके बाद पाकिस्तान को अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को बड़े अंतर से हराना होगा, ताकि नेट रन रेट में न्यूजलैंड से आगे निकलकर इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में जगह बना सके।
कैसा है ग्रुप 1 का समीकरण
सुपर-8 के ग्रुप-1 में सेमीफाइनल की दो जगहों के लिए चार टीमें अभी भी मुकाबले में बनी हुई हैं। ग्रुप 1 में भारत, जिम्बाव्बे, वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका मौजूद है। फिलहाल वेस्ट इंडीज और साउथ अफ्रीका दो-दो अंकों के साथ अंक तालिका में आगे चल रहे हैं। दोनों टीमों ने अपने मुकाबले बड़े अंतर से जीते हैं। साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराया था, जबकि वेस्ट इंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से मात देकर मजबूत स्थिति बना ली है।
भारत के लिए आगे का रास्ता मुश्किल हो गया है। बाकी दोनों मैच जीतने के बाद भी सेमीफाइनल की जगह पक्की नहीं है, क्योंकि साउथ अफ्रीका से मिली हार से टीम का नेट रन रेट काफी गिर गया है। इसलिए भारत को अब बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।