T20 World Cup Semifinal Scenario: क्या बचे हुए दो मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच पाएगी टीम इंडिया? कैसा होगा समीकरण

T20 World Cup Semifinal Scenario: वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज में आठ टीमों ने जगह बनाई है और उन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप 1 में भारत, साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज शामिल हैं, जबकि ग्रुप 2 में इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को रखा गया है

अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 8:25 PM
Story continues below Advertisement
भारत की सेमीफाइनल की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है, लेकिन साउथ अफ्रीका फिलहाल आगे है

2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भारत की स्थिति बदल गई है। डिफेंडिंग चैंपियन को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से 76 रन से हार मिली। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने अपना नेट रन रेट भी काफी बेहतर कर लिया। साउथ अफ्रीका ने भारत को हराकर 2 अंक हासिल किए हैं और 3.8 के अच्छे नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर है। वहीं भारत को हार के बाद बड़ा नुकसान हुआ है। उसका नेट रन रेट -3.8 हो गया है, जिसके कारण वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच गया है।

वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज में आठ टीमों ने जगह बनाई है और उन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप 1 में भारत, साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज शामिल हैं, जबकि ग्रुप 2 में इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान को रखा गया है।

कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया


भारत की सेमीफाइनल की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है, लेकिन साउथ अफ्रीका फिलहाल आगे है। भारत को अब जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज़ दोनों को हराना होगा। सिर्फ जीतना काफी नहीं होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीतना जरूरी है, ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके। अगर अंत में टीमों के अंक बराबर रहते हैं, तो फैसला नेट रन रेट से होगा। जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज भी अभी तक बिना हारे यहां पहुंचे हैं, इसलिए मुकाबला आसान नहीं रहने वाला।

भारत कैसे पहुंच सकता है सेमीफाइल में

सिनेरियो 1: अगर भारत सुपर-8 के बचे हुए दोनों मुकाबले जीत जाता है, तो उसके खाते में कुल 4 अंक हो जाएंगे। आम तौर पर इतने अंक सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त हो सकते हैं। हालांकि मुश्किल तब खड़ी हो सकती है जब दो और टीमें भी 4-4 अंक तक पहुंच जाएं। ये स्थिति तब बनेगी जब दक्षिण अफ्रीका अपने बाकी मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज करे और जिम्बाब्वे व वेस्ट इंडीज के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम भी साउथ अफ्रीका को हरा दे। ऐसे हालात में सेमीफाइनल की दौड़ का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा।

सिनेरियो 2: अगर भारत सुपर-8 में अपने बचे हुए दो मुकाबलों में से सिर्फ एक जीतता है, तो उसकी राह और कठिन हो जाएगी। ऐसी स्थिति में जरूरी होगा कि साउथ अफ्रीका अपने सभी बाकी मैच जीत ले। साथ ही भारत को जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज के बीच होने वाले मैच की विजेता टीम को हराना होगा। तब भारत, जिम्बाब्वे और वेस्ट इंडीज़ तीनों के 2-2 अंक हो सकते हैं। ऐसे हालात में सेमीफाइनल का फैसला फिर से नेट रन रेट के आधार पर होगा।

क्या है सेमीफाइनल के नियम

सेमीफाइनल में पहुंचने के नियम तय हैं। अगर किसी ग्रुप में दो या उससे ज्यादा टीमें बराबर अंकों के साथ खत्म करती हैं, तो पहले ये देखा जाएगा कि किस टीम ने ज्यादा मैच जीते हैं। ज्यादा जीत वाली टीम को ऊपर रखा जाएगा। अगर अंक और जीत दोनों बराबर हों, तो सुपर-8 चरण में जिसका नेट रन रेट बेहतर होगा, उसे आगे रखा जाएगा। इसके बाद भी अगर स्थिति समान रहती है, तो उन टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों यानी हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के आधार पर फैसला किया जाएगा।

अगर अंक, जीत, नेट रन रेट और आपसी मुकाबले से भी फैसला नहीं हो पाता, या किसी ग्रुप के मैचों का कोई नतीजा नहीं निकलता, तो आखिरी फैसला आईसीसी की टी20 रैंकिंग के आधार पर होगा। 6 फरवरी 2026 की आईसीसी मेन्स टी20आई रैंकिंग में जिस टीम की रैंक बेहतर होगी, उसे आगे रखा जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।