IND vs PAK: 'फोर्स मेज्योर क्लॉज', ICC की सजा से बचने के लिए पाकिस्तान ने चला नया पैंतरा

IND vs PAK : हाल ही में PCB ने आधिकारिक तौर पर ICC को बताया था कि वह ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज लागू करना चाहता है। इसके पीछे एक सरकारी ट्वीट का हवाला दिया गया, जिसमें टीम को 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच में खेलने से रोक दिया गया था

अपडेटेड Feb 07, 2026 पर 6:41 PM
Story continues below Advertisement
PCB ने आधिकारिक तौर पर ICC को बताया था कि वह ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज लागू करना चाहता है।

फोर्स मेज्योर क्लॉज... टी20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ा भारत-पाकिस्तान मैच अब इसी शब्द के इर्द-गिर्द घूम रहा है। ICC ने पाकिस्तान से यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज़ का सहारा लेकर भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप का मैच खेलने से कैसे मना कर सकता है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस फैसले के पीछे सरकारी आदेशों को कारण बताया है। लेकिन ICC जानना चाहता है कि जब पाकिस्तान टीम पूरे टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है, तो सिर्फ एक मैच से ही नाम वापस क्यों लिया गया।

हाल ही में PCB ने आधिकारिक तौर पर ICC को बताया था कि वह ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज लागू करना चाहता है। इसके पीछे एक सरकारी ट्वीट का हवाला दिया गया, जिसमें टीम को 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले मैच में खेलने से रोक दिया गया था। हालांकि अब स्थिति में कुछ उम्मीद नजर आ रही है। एक ICC डायरेक्टर के अनुसार, PCB ने आगे की बातचीत के लिए ICC से दोबारा संपर्क किया है, ताकि मामले का समाधान निकाला जा सके।

 क्या है फोर्स मेज्योर क्लॉज


ICC का मैसेज मिलने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आगे बातचीत शुरू कर दी है। ICC फिलहाल PCB के साथ मिलकर इस मामले का हल निकालने की कोशिश कर रहा है। परिषद ने साफ कहा है कि खेल के हित किसी एकतरफा फैसले से ज्यादा अहम हैं। ‘फोर्स मेज्योर’ कॉन्ट्रैक्ट का एक ऐसा प्रावधान है, जो किसी पक्ष को असाधारण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों से छूट देता है। जैसे—युद्ध, प्राकृतिक आपदा, सरकारी आदेश या कोई सार्वजनिक आपात स्थिति। लेकिन इस क्लॉज को लागू करने के लिए यह साबित करना जरूरी होता है कि घटना अचानक और नियंत्रण से बाहर थी, उसे टाला नहीं जा सकता था, और उसके असर को कम करने के लिए हर संभव कोशिश की गई थी। सिर्फ असुविधा या राजनीतिक कारण आमतौर पर इस क्लॉज़ के लिए पर्याप्त नहीं माने जाते।

इस बीच, पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि उसकी टीम बांग्लादेश का समर्थन करने के लिए सिर्फ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगी। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार किया था। हालांकि, पाकिस्तान टीम बाकी सभी मैचों में हिस्सा लेने वाली है। अब सबकी नजर इस पर है कि ICC और PCB के बीच बातचीत का क्या नतीजा निकलता है।

ICC ने दी चेतावनी 

अपने जवाब में ICC ने साफ कहा है कि किसी वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा मैच खेलना और कुछ मैचों से हटना प्रतियोगिता की मूल भावना को कमजोर करता है। ICC ने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपने फैसले पर कायम रहता है, तो उसे कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने के आरोपों का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, ICC के नियमों के तहत उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार, ICC इस मामले में वही प्रक्रिया अपना रहा है, जो उसने पहले बांग्लादेश के मामले में अपनाई थी। उस समय भी कई दिनों तक विस्तार से बातचीत और जांच की गई थी। अब देखना यह है कि PCB आगे क्या कदम उठाता है और इस विवाद का समाधान कैसे निकलता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।