टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने यूएसए को हराकर शानदार तरीके से अपने अभियान की शुरूआत की है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गमए इस मुकाबले में सूर्यकुमार की कप्तानी वाली इंडिया टीम ने यूएसए को 29 रन से मात दी है। इस मुकाबले के बाद भारतीय खिलाड़ी रिंकू सिंह को ‘फील्डर ऑफ द मैच’ का मेडल दिया गया। यूएसए की पारी के दौरान रिंकू ने मैदान पर शानदार फील्डिंग की और कई अहम रन बचाए। खास तौर पर 16वें ओवर में उन्होंने डीप मिड-विकेट पर संजय कृष्णमूर्ति का बेहतरीन कैच पकड़कर टीम को जीत के और करीब पहुंचा दिया।
बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो
बीसीसीआई द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में रिंकू सिंह मेडल मिलने के बाद अपनी स्पीच की तैयारी करते नजर आए। जैसे ही कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका नाम लिया, दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, “हेलो टीम इंडिया। ये टूर्नामेंट की शुरुआत है और हमें पूरे टूर्नामेंट में यही जोश और आक्रामकता बनाए रखनी है। एक-दूसरे का साथ देते रहें और जैसा कि जीजी सर (हेड कोच गौतम गंभीर) हमेशा कहते हैं—रूथलेस।”
बैटिंग में ज्यादा योगदान नहीं दे पाए
रिंकू सिंह अपने टी20 वर्ल्ड कप में बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे पाए। जब भारत 46/4 के स्कोर पर मुश्किल में था, तब वह अहम मौके पर बल्लेबाजी करने आए, लेकिन 11 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं टीम की खराब शुरुआत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई। वहीं मोहम्मद सिराज ने 29 रन देकर 3 विकेट चटका कर यूएसए की पारी को पूरी तरह से तोड़ दिया।
कैसा था भारत और यूएसए का मैच
पहले मैच में यूएसए ने भारत को कड़ी टक्कर दी है और टीम इंडिया की मजबूत बल्लेबाजी को दबाव में ला दिया। भारत का स्कोर 46/4 और फिर 77/6 हो गया था। तभी सूर्यकुमार यादव ने पारी संभाल और उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। मुश्किल पिच पर उन्होंने समझदारी और आक्रामक अंदाज दोनों दिखाए। आखिरी 18 गेंदों में 48 रन बनाते हुए उन्होंने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जिसमें आखिरी ओवर में 21 रन भी शामिल थे। इसके बाद जब भारत को लक्ष्य बचाना था, तो गेंदबाजों ने कमाल कर दिया। मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में ही विकेट लेकर यूएसए पर दबाव बना दिया।