T20 World Cup: पाकिस्तानी क्रिकेटर ने महिला स्टाफ संग किया गलत व्यवहार! लगा जुर्माना

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के एक सदस्य पर जुर्माना लगाया गया है। बताया जा रहा है कि श्रीलंका के कैंडी शहर में एक महिला होटल स्टाफ के साथ गलत व्यवहार करने के कारण ये कार्रवाई की गई। ये घटना श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर-8 मैच से पहले की बताई जा रही है

अपडेटेड Mar 05, 2026 पर 3:41 PM
श्रीलंका के कैंडी शहर में एक महिला होटल स्टाफ के साथ गलत व्यवहार करने के कारण ये कार्रवाई की गई

पाकिस्तान क्रिकेट टीम अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती है। टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 स्टेज से बाहर होने के बाद टीम काफी आलोचनाओं का सामना कर रही है। इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर एक और मामला सामने आया है। खबरों के मुताबिक, श्रीलंका में टूर्नामेंट के दौरान टीम के एक सदस्य पर महिला होटल स्टाफ के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगा है। ये घटना कैंडी में हुई, जिसके बाद उस सदस्य पर जुर्माना लगाया गया।

पाकिस्तानी क्रिकेटर पर लगा आरोप

टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के एक सदस्य पर जुर्माना लगाया गया है। बताया जा रहा है कि श्रीलंका के कैंडी शहर में एक महिला होटल स्टाफ के साथ गलत व्यवहार करने के कारण ये कार्रवाई की गई। ये घटना श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर-8 मैच से पहले की बताई जा रही है।


खिलाड़ी पर लगा जुर्माना

रिपोर्ट के अनुसार, टीम होटल में पाकिस्तान टीम के एक खिलाड़ी ने महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ गलत तरीके से पेश आया। महिला स्टाफ ने शोर मचाया, जिसके बाद होटल के अन्य कर्मचारी तुरंत वहां पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इसके बाद मामले को शांत कराया गया। इस घटना की जानकारी पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवीद चीमा को दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, गोल्डन क्राउन होटल के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि बाद में चीमा ने खिलाड़ी की ओर से होटल मैनेजमेंट से माफी मांगी। साथ ही खिलाड़ी पर गलत व्यवहार के लिए जुर्माना भी लगाया गया, जिसके बाद उस समय यह मामला वहीं शांत हो गया।

पाकिस्तान में हो सकती है कार्रवाई

हालांकि रिपोर्ट में उस क्रिकेटर का नाम सामने नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि मामला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सामने पेश होना पड़ सकता है, जहां इस मामले को लेकर उस पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। टूर्नामेंट खत्म होने के बाद टीम के खिलाड़ी रविवार 1 मार्च और सोमवार को अलग-अलग बैच में अपने देश लौट गए।

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन खास नहीं रहा। सलमान अली आगा की कप्तानी में टीम को फुल मेंबर टीमों के खिलाफ सिर्फ एक ही जीत मिली, जो श्रीलंका के खिलाफ आई थी। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। उस मैच में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। दिलचस्प बात यह है कि वही न्यूजीलैंड टीम अब टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।