India A vs Sri Lanka A: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई-सीरीज का चौथा मुकाबला दांबुला के रणगिरि दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। दोनों देशों के बीच खेले गए मुकाबले का रिजल्ट सुपर ओवर से निकला। सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने भारत ए को हराया है। वहीं इस मुकाबले में युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी एक विवाद के कारण चर्चा में आ गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रीलंका में चल रही ट्राई-नेशन ए सीरीज के दौरान मैच के बाद उनकी कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ तीखी नोकझोंक हुई, जिसके चलते उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
वैभव ने आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा था। वहीं ट्राई-सीरीज में भारत ए और श्रीलंका ए के बीच मुकाबले के खत्म होने के बाद मैदान पर हुए तनावपूर्ण माहौल के दौरान उनकी श्रीलंका ए के एक खिलाड़ी के साथ कहासुनी हो गई। वहीं ये विवाद क्यों शुरू हुआ अभी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव सूर्यवंशी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। क्रिकेट में पहले भी खिलाड़ियों पर आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई होती रही है। वैभव पर जुर्माना या फिर उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट्स जोड़ा जा सकता है।
सुपर ओवर में वैभव सूर्यवंशी को आखिरी के तीन गेंदों में 6 रन बनाए। उनकी ये पारी टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रही। मैच खत्म होने के बाद जब वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे मैदान से लौट रहे थे, तब जश्न मना रहे कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ उनकी बहस हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसी दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ी कुगाथास मथुलन के साथ हुई कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता देख श्रीलंका के अनुभवी खिलाड़ी निरोशन डिकवेला ने तुरंत बीच-बचाव किया। उन्होंने बीच में आकर खिलाड़ियों को शांत कराया और मामले को आगे बढ़ने से रोकने में अहम भूमिका निभा।
मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी का नाम सिर्फ एक ही विवाद से नहीं जुड़ा। इससे पहले भी वह सुपर ओवर के दौरान चर्चा में आ गए थे। श्रीलंका ए की सुपर ओवर पारी की आखिरी गेंद पर नो-बॉल को लेकर भारतीय टीम ने नाराजगी जताई थी और कप्तान तिलक वर्मा भी फैसले से खुश नजर नहीं आए। इसी दौरान पैड पहनकर बल्लेबाजी की तैयारी कर रहे वैभव सूर्यवंशी भी अंपायर के पास पहुंचे और उनसे बातचीत करते दिखाई दिए। स्थिति को तनावपूर्ण होता देख टीम के मुख्य कोच ऋषिकेश कानितकर ने हस्तक्षेप किया और सूर्यवंशी को वहां से दूर ले गए। इससे मामला आगे बढ़ने से पहले ही नियंत्रित हो गया।