Vaibhav Sooryavanshi: IPL से टीम इंडिया तक... वैभव सूर्यवंशी की वजह से बढ़ी इस ट्राई-सीरीज की मांग

Vaibhav Sooryavanshi:आईपीएल 2026 के बाद वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर मैदान पर नजर आएंगे। वैभव भारत 'ए' टीम के लिए श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में खेलेंगे। वहीं इस त्रिकोणीय सीरीज का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। वैभव सूर्यवंशी की बढ़ती लोकप्रियता इस फैसले की एक बड़ी वजह बताई जा रही है

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 9:18 PM
IPL 2026: इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत 'ए', श्रीलंका 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' की टीमें हिस्सा लेंगी

IPL 2026 का धमाकेदार सीजन खत्म होने के बाद अब भारतीय क्रिकेट फैंस को इंतजार टीम इंडिया के ग्राउंड पर उतरने का है। आईपीएल के बाद टीम इंडिया को बैक-टू-बैक कई सीरीज खेलना है। वहीं भारतीय क्रिकेट फैंस का टीम इंडिया के यंग टैलेंट वैभव सूर्यवंशी को खेलते देखने का सपना फिर से पूरा होने जा रहा है। वैभव सूर्यवंशी जल्द ही टीम इंडिया के जर्सी के में खेलते हुए नजर आने वाले हैं। बता दें कि,श्रीलंका में होने वाली भारत 'ए', श्रीलंका 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' टीमों की त्रिकोणीय सीरीज का अब सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को माना जा रहा है।

वैभव को लेकर ब्रॉडकास्टर्स का फैसला

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भारत 'ए' टीम में जगह मिलने के बाद क्रिकेट प्रेमियों और ब्रॉडकास्टर्स के बीच इस टूर्नामेंट को लेकर काफी उत्साह बढ़ गया है। यही कारण है कि सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने इस सीरीज का लाइव प्रसारण अपने टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर करने का फैसला किया है। वैभव की लोकप्रियता और उनके प्रदर्शन को लेकर बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए इस टूर्नामेंट को अब पहले से ज्यादा ध्यान मिलने की उम्मीद है।


श्रीलंका में खेली जाएगी सीरीज

इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत 'ए', श्रीलंका 'ए' और अफगानिस्तान 'ए' की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन 9 जून से 21 जून तक श्रीलंका के दांबुला में किया जाएगा। क्रिकेट प्रशंसक इस सीरीज का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकेंगे, जबकि ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर उपलब्ध होगी। यह टूर्नामेंट सोनी नेटवर्क के लिए भी काफी अहम माना जा रहा है। पिछले कुछ समय में उसके पास बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट्स के प्रसारण अधिकार कम हो गए थे। आईपीएल और वनडे विश्व कप जैसे बड़े आयोजनों के अधिकार दूसरे ब्रॉडकास्टर्स के पास चले गए हैं। हालांकि, श्रीलंका में खेले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मुकाबलों के प्रसारण अधिकार अब भी सोनी नेटवर्क के पास हैं।

IPL में मचाया धमाल

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे सीजन में 237.30 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और सबसे कम उम्र में आईपीएल के 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' (एमवीपी) बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। वैभव ने लीग चरण में एक शानदार शतक लगाया, जबकि प्लेऑफ में दो बार 90 से ज्यादा रन की यादगार पारियां खेलीं। उनके दमदार प्रदर्शन ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।आईपीएल में डेब्यू करने के सिर्फ एक साल के भीतर ही वैभव सूर्यवंशी देश के सबसे चर्चित युवा क्रिकेटरों में शामिल हो गए हैं।

'सूर्यवंशी एक्सप्रेस'

वैभव की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए कई बड़े ब्रांड उनके साथ साझेदारी करने के लिए उत्सुक हैं। कम उम्र में ही वह ऐसे खिलाड़ी बन चुके हैं, जिनकी मौजूदगी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। सोनी नेटवर्क ने भी ट्राई-सीरीज के प्रचार में वैभव को खास महत्व दिया है। टूर्नामेंट के प्रमोशन के दौरान कहा गया, "सूर्यवंशी एक्सप्रेस आ रही है, जो इस रोमांचक ट्राई-सीरीज में अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार है।"

भारत की पूरी टीम

तिलक वर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान और अनुकूल रॉय।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।