आईपीएल 2026 के बाद से वैभव सूर्यवंशी लगातार चर्चा में हैं। वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे सीजन में खूब सुर्खियां बटोरीं। युवा बल्लेबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 237.30 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। वहीं वैभव के शानदार प्रदर्शन के बाद उनको आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत के टी20 टीम में शामिल किया गया है। वहीं हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज और भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी और टीम को लेकर दिलचस्प खुलासा किया। वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि वह बचपन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और विराट कोहली के बड़े फैन रहे हैं।
वैभव ने बताया कि विराट कोहली उनके पसंदीदा खिलाड़ी हैं और उनकी बल्लेबाजी, फिटनेस और मेहनत ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया है। वह बचपन से विराट का खेल देखते आए हैं और उनसे बहुत कुछ सीखने की कोशिश करते रहे हैं।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए आईपीएल 2026 में विराट कोहली से मुलाकात बेहद खास रही। वैभव ने कहा कि जब विराट ने उनके कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात की, तो उन्हें लगा जैसे उनका सपना सच हो गया हो। उन्होंने बताया कि विराट ने उनसे एक बड़े भाई की तरह बात की और कई जरूरी सलाह भी दी। राजस्थान रॉयल्स के यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “मैं आपको सच बताता हूं। जब विराट भैया ने मेरे कंधे पर इस तरह हाथ रखा... मैं भी पहले आरसीबी का फैन था। असल में, मैं विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन था... जब उन्होंने मेरे कंधे पर हाथ रखा और मुझसे बात की, तो मुझे सच में लगा कि यह एक सपना है।”
उन्होंने आगे कहा, “जिस तरह से उन्होंने मुझसे बात की, ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि मैं विराट कोहली से बात कर रहा हूं। उन्होंने एक बड़े भाई की तरह मुझे समझाया। उन्होंने बताया कि मैं क्या अच्छा कर रहा हूं, मुझे किन चीजों में और सुधार करना चाहिए, किस बात पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए और आगे के लिए क्या सोचकर काम करना चाहिए। उनकी बातें मेरे लिए बहुत खास और प्रेरणादायक थीं।”
विराट कोहली से लिया था ऑटोग्राफ
सूर्यवंशी ने आईपीएल सीजन के दौरान विराट कोहली से अपनी कैप पर ऑटोग्राफ भी लिया था। उन्होंने इंटरव्यू में बताया कि वह उस साइन की हुई कैप को अपने लिए बेहद खास मानते हैं। वैभव ने कहा, “जब भी मेरे पास ऑरेंज कैप नहीं होती थी, तब मैं विराट भैया के साइन वाली वही कैप पहनता था।” उन्होंने बताया कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी के साइन वाली कैप उनके लिए एक यादगार और प्रेरणादायक चीज है।
जय शाह के साथ हुई ये बातचीत
सूर्यवंशी ने आईसीसी चेयरमैन और बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह के साथ हुई अपनी बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जय सर जब भी मुझसे मिलते हैं, तो हमेशा कई बातें समझाते हैं। वह कहते हैं कि मुझे पूरी तरह फोकस्ड रहना है, अभी मुझे बहुत आगे जाना है और अपने खेल पर ध्यान देना है। वह मुझे हमेशा जमीन से जुड़े रहने, मेहनत करते रहने और सिर्फ अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह देते हैं।” वैभव ने बताया कि जय शाह की ये बातें उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में शानदार बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में ऑरेंज कैप जीती। इसके साथ ही उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) अवॉर्ड भी मिला। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के कारण पहली बार भारतीय टीम में चयन हुआ और वह भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।