वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड टीम के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का हिस्सा है। वहीं वैभव अपने पहले सीनियर इंटरनेशनल टूर से पहले ही काफी चर्चा में हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होगी। वहीं भारतीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड दौरे पर विशेष नियमों का पालन करना होगा। वैभव की उम्र 16 साल से कम होने की वजह से उन्हें टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के नियमों के मुताबिक, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग ड्रेसिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। ये नियम कम उम्र के खिलाड़ियों की बेहतर देखभाल और सुरक्षा के लिए बनाया गया है। वहीं वैभव के माता-पिता भी उनके साथ रहेंगे।
अलग होगा वैभव का ड्रेसिंग रूम
द गार्डियन के मुताबिक, आईसीसी और ईसीबी के सुरक्षा नियमों के तहत 16 साल से कम उम्र के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होती। यही नियम भारत के इंग्लैंड दौरे के दौरान भी लागू रहेगा। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी के लिए सभी मैदानों पर अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। लेकिन वैभव मैच के दौरान भारतीय टीम के मुख्य ड्रेसिंग रूम में जाकर टीम बैठकों और रणनीति संबंधी चर्चाओं का हिस्सा बन सकेंगे। लेकिन मैच से पहले और मुकाबला खत्म होने के बाद उन्हें कपड़े बदलने के लिए अलग सुविधा का उपयोग करना होगा।
ये नियम सिर्फ वैभव सूर्यवंशी पर ही लागू नहीं है। इससे पहले इंग्लैंड के फुटबॉल खिलाड़ी मैक्स डाउमैन को भी 16 वर्ष की उम्र पूरी होने तक अपनी टीम से अलग चेंजिंग रूम का उपयोग करना पड़ा था। ऐसे सुरक्षा प्रावधान कम उम्र के खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं।
वैभव को ना हो कोई परेशानी
रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट रेगुलेटर भारतीय टीम के टीम लायजन अधिकारी (टीएलओ) के लगातार संपर्क में है, ताकि वैभव सूर्यवंशी के इंग्लैंड में रहने के दौरान उनकी सभी जरूरतों और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा सके। वहीं, जिन मैदानों पर मैच खेले जाएंगे, वहां के काउंटी सेफगार्डिंग अधिकारी भी टीम लायजन अधिकारी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी सुरक्षा नियमों और व्यवस्थाओं को ठीक तरह से समझा जाए और उनका पालन किया जाए। ईसीबी ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षा जोखिम आकलन (सेफगार्डिंग रिस्क असेसमेंट) के तहत संचालित की जाती है।”
वैभव के माता-पिता भी होंगे साथ
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के दौरान वैभव सूर्यवंशी अपने माता-पिता के साथ रहेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया का मानना है कि कम उम्र में विदेश दौरे पर जाने वाले खिलाड़ी के लिए परिवार का साथ काफी महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने विशेष अनुमति दी है, जिसके तहत 15 वर्षीय वैभव के माता-पिता पूरे दौरे के दौरान उनके साथ रह सकेंगे। इतना ही नहीं, उन्हें टीम के साथ उसी होटल में ठहरने की भी मंजूरी दी गई है, ताकि युवा खिलाड़ी को बेहतर सहयोग और देखभाल मिल सके।
डेब्यू किया तो रचेंगे इतिहास
इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर जाएगी। इस दौरे में टीम इंडिया उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ 2 टी20 मुकाबला खेलेगी। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड पहुंचेगी। अगर आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका मिलता है, तो वह भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे। बाएं हाथ के इस युवा सलामी बल्लेबाज के पास महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के सबसे कम उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का भी मौका होगा।