IND-A vs SL-A: ट्राई-सीरीज के फाइनल में इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका ए को 66 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की बदौलत रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। भारत ने 50 ओवर में 377 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंका ए की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 311 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने केवल 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, कप्तान तिलक वर्मा ने 67 रन और ऋतुराज गायकवाड़ ने 40 रन का योगदान दिया। मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं मैच के बाद वैभव ने वनडे खेलने को लेकर बड़ा बयान दिया है।
वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैंने ज्यादा कुछ नहीं सोचा था। मेरा लक्ष्य सिर्फ शुरुआती 10 ओवरों का पूरा फायदा उठाना और अपनी योजना को सही तरीके से लागू करना था। मुझ पर किसी तरह का दबाव नहीं था, लेकिन मैं उन चीजों पर काम कर रहा था जो पहले सही नहीं हो रही थीं। मैंने कोच से बात की और प्रैक्टिस के दौरान उन पहलुओं पर मेहनत की। आज मैं अपनी योजना को अच्छी तरह लागू कर पाया और उसका परिणाम भी मिला।"
वनडे मैच को लेकर क्या कहा
टी20 टी उन्होंने आगे कहा, "मैंने इस टूर्नामेंट से काफी कुछ सीखा है। मैंने पहले भी 50 ओवर के काफी मैच खेले हैं, हालांकि शायद बहुत से लोगों को इसकी जानकारी नहीं है। अलग-अलग परिस्थितियों और पिचों पर खेलने का एक्सपीरिएंस मिला। खेलने का तरीका भी थोड़ा अलग था, लेकिन मुझे काफी मजा आया और ये मेरे लिए एक अच्छी सीरीज साबित हुई।"
कैसा था श्रीलंका ए-इंडिया ए का मुकाबला
फाइनल में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। इस दौरान वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड भी बना दिया। कप्तान तिलक वर्मा ने भी जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए। वहीं, अंत में अनुकूल रॉय ने सिर्फ 15 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया।
टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंका ए के लिए सदीरा समरविक्रमा और वानुजा सहान ने अर्धशतक लगाए, लेकिन उनकी टीम 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से यश ठाकुर ने 3 विकेट और विप्रज निगम ने भी 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।