गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 25वां मैच खेला गया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले को गुजरात की टीम ने 2 गेंद शेष रहते हुए 5 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ गुजरात ने सीजन की लगातार तीसरी जीत दर्ज की वहीं कोलकाता को लगातार चौथी हार मिली। वहीं इस मैच में वरुण चक्रवर्ती ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह अब इस टीम के लिए 100 विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सुनील नरेन और आंद्रे रसेल हासिल कर चुके हैं।
इस खास लिस्ट में शामिल हुए वरुण
आंकड़ों के अनुसार, कोलकाता टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में सुनील नरेन 196 विकेट के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं आंद्रे रसेल 122 विकेट लेकर दूसरे नंबर पर हैं। अब वरुण चक्रवर्ती 100 विकेट पूरे करके इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने यह खास उपलब्धि शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में हासिल की। इस मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 34 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए और अपने 100 IPL विकेट पूरे कर लिए।
इस मैच में वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर जैसे अहम बल्लेबाज़ों को आउट किया। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल 2026 में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह ही थोड़ा अच्छा नहीं रहा है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ यह मैच इस सीजन का पहला ऐसा मुकाबला था, जिसमें वह विकेट लेने में सफल रहे। अगर मैच की बात करें, तो शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 86 रन बनाए। उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद में 5 विकेट से जीत दर्ज की।
181 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस ने 19.4 ओवर में ही मैच जीत लिया। शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला और 8 चौकों व 4 छक्कों की मदद से टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। यह गुजरात की लगातार तीसरी जीत रही। इस जीत के साथ टीम ने 5 मैचों में 6 अंक हासिल कर लिए हैं और पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स अभी तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है और सबसे नीचे बनी हुई है।