IND vs NZ: वर्ल्ड कप फाइनल के प्लेइंग 11 से बाहर होंगे वरुण चक्रवर्ती? कप्तान ने दिया ये जवाब

Suryakumar Yadav: फाइनल से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों का जवाब देते नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान ने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का समर्थन किया है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था

अपडेटेड Mar 07, 2026 पर 9:27 PM
Story continues below Advertisement
Varun Chakravarthy: वरुण के इस प्रदर्शन के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका समर्थन किया

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में होने जा रहा है। ये मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च 2026 को खेला जाएगा। फाइनल से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों का जवाब देते नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान ने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का समर्थन किया है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। उन्होंने अपने चार ओवर में 64 रन दिए, जो उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का सबसे महंगा स्पेल था। ये टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए भी सबसे महंगे स्पेल में से एक रहा।

हालांकि वरुण के इस प्रदर्शन के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका समर्थन किया और कहा कि क्रिकेट टीम का खेल है, इसलिए किसी भी खिलाड़ी का कभी-कभी खराब दिन हो सकता है।

ये एक टीम स्पोर्ट है


सूर्यकुमार यादव ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “चिंता की कोई बात नहीं है। हमने मैच जीत लिया। यह एक टीम स्पोर्ट है और हम पूरे टीम के प्रदर्शन पर ध्यान देते हैं। जब हम जीतते या हारते हैं, तो किसी एक खिलाड़ी के प्रदर्शन को अलग से नहीं देखते। टीम में 11 खिलाड़ी होते हैं और हर किसी का दिन एक साथ अच्छा नहीं हो सकता। कभी एक-दो खिलाड़ियों का दिन खराब होता है, तब बाकी खिलाड़ी उनकी कमी पूरी करने की कोशिश करते हैं।”

टॉस के समय होगा फैसला

सूर्यकुमार जब उनसे फाइनल मैच के लिए टीम में किसी बदलाव के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ किया कि अंतिम फैसला टॉस के समय ही लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, “लेकिन हमें उनके बारे में बिल्कुल भी चिंता नहीं है। वह दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज हैं। उन्हें पता है कि क्या करना है, कब करना है और अलग-अलग टीमों के खिलाफ कैसे गेंदबाजी करनी है। उन्हें ये भी पता है कि आगे बढ़कर हमारे लिए मैच कैसे जिताने हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि वह ऐसा करेंगे। जहां तक टीम में बदलाव की बात है, तो आपको कल पता चल जाएगा। आज सब कुछ नहीं बताया जा सकता, है ना?”

वरुण का प्रदर्शन

हाल के मैचों में ज्यादा प्रभाव नहीं डालने के बावजूद वरुण चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में अब भी भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। उन्होंने आठ मैचों में 19.07 की औसत से 13 विकेट लिए हैं, जिसमें नामीबिया के खिलाफ 3/7 उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। हालांकि उनकी हालिया फॉर्म को देखते हुए कुछ लोग उनकी जगह कुलदीप यादव को टीम में शामिल करने की बात कर रहे हैं, लेकिन इतने अहम फाइनल से पहले टीम मैनेजमेंट के बड़ा बदलाव करने की संभावना कम मानी जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।