Angkirsh Raghuvanshi Injury: जयपुर में मुंबई और उत्तराखंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले में बड़ा हादसा हो गया। मुंबई के ओपनर अंगकृष रघुवंशी को शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी मैच के दौरान चोट लग गई। तनुश कोटियन की गेंद पर मिड-विकेट पर मुश्किल कैच लेने की कोशिश करते समय अंगकृष रघुवंशी के गर्दन में चोट लग गई। चोट इतनी गंभीर थी वह उठ ही नहीं पाए, उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। मैदान से बाहर ले जाने के बाद रघुवंशी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बता दें रोहित शर्मा भी विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेल रहे हैं।
ये हादसा पारी के 30वें ओवर में हुआ, जब ऑफ स्पिनर तनुश कोटियन गेंदबाजी कर रहे थे। बल्लेबाज सौरभ रावत ने स्लॉग-स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की और गेंद टॉप एज लेकर डीप मिड-विकेट की ओर गई। मिड-विकेट बाउंड्री के पास खड़े अंगकृष रघुवंशी ने तेजी से दौड़ते हुए कैच पकड़ने के लिए डाइव लगाई, लेकिन इस कोशिश में उनका सिर और कंधा गलत तरीके से मैदान से टकरा गया। गिरते ही वह असहज नजर आए।
मैदान पर गिरने के बाद रघुवंशी कुछ पल तक घुटनों के बल बैठे रहे, लेकिन फिर मैदान पर ही लेट गए। ये देखकर मुंबई टीम के फिजियो तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे। रघुवंशी खुद खड़े नहीं हो पा रहे हैं, इस वजह से स्ट्रेचर बुलाया गया और उन्हें एम्बुलेंस से पास के SDMH अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका CT स्कैन किया जाएगा।
अंगकृष इस समय अच्छी फॉर्म में नजर नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार के मैच से पहले उनकी पिछली पांच पारियों में उनके स्कोर 38, 0, 7, 4 और नाबाद 38 रन रहे थे।
मुंबई ने उत्तराखंड को दी मात
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और छठे ओवर तक टीम ने 22 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद मुंबई ने मुशीर, सरफराज और तमोर के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने 7 विकेट पर 331 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टारगेट का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 280 रन ही बना पाई। मुंबई ने उत्तराखंड को 51 रन से मात दी है।