IND A vs SA A:'प्रोटेक्टेड एरिया' में विप्रज निगम को दौड़ना पड़ा महंगा, इंडिया A पर लगी 10 रन की पेनल्टी, जानें क्या है नियम

IND A vs SA A: श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई-सीरीज मैच के दौरान बल्लेबाज विप्रज निगम की एक गलती टीम पर भारी पड़ गई। अंपायरों की चेतावनी के बावजूद बल्लेबाज विप्रज निगम दो बार पिच के प्रोटेक्टेड एरिया से दौड़ते हुए पाए गए। इस वजह से इंडिया ए पर कुल 10 रन की पेनल्टी लगा दी गई

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 5:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विप्रज निगम दो अलग-अलग मौकों पर पिच के बीच से दौड़ते हुए पाए गए

IND A vs SA A: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच ट्राई-सीरीज का मुकाबला खेला जा रहा है। वहीं इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करने आई भारतीय टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। वहीं श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई-सीरीज मुकाबले में इंडिया ए को 10 रन की पेनल्टी का सामना करना पड़ा। ये फैसला तब लिया गया जब बल्लेबाज विप्रज निगम को चेतावनी मिलने के बावजूद दो बार पिच के 'प्रोटेक्टेड एरिया' के बीच से दौड़ते हुए पाया गया ।विप्रज निगम ने मैच के दौरान कुछ ओवर पहले भी इसी तरह की गलती की थी, जिसके बाद अंपायरों ने उन्हें सावधान रहने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद उन्होंने दोबारा नियमों का उल्लंघन कर दिया।

भारत पर क्यों लगी पेनल्टी

अनुकूल रॉय के आउट होने के बाद नंबर 9 पर बल्लेबाजी करने आए विप्रज निगम दो अलग-अलग मौकों पर पिच के बीच से दौड़ते हुए पाए गए। पहली घटना 35वें ओवर की तीसरी गेंद पर सिंगल लेते समय हुई, जबकि दूसरी बार उन्होंने 37वें ओवर की चौथी गेंद पर यही गलती दोहराई। दूसरी बार ये स्थिति तब बनी जब रन लेने की कोशिश के दौरान उन्हें वापस लौटना पड़ा और क्रीज तक पहुंचने के लिए वे पिच के 'प्रोटेक्टेड एरिया' से गुजर गए। नियमों के उल्लंघन पर अंपायरों ने दो बार पांच-पांच रन की पेनल्टी लगाई, जिससे टीम को कुल 10 रन का नुकसान उठाना पड़ा।


क्या है 'प्रोटेक्टेड एरिया'

क्रिकेट में पिच का एक हिस्सा ऐसा होता है जिसे विशेष रूप से सेफ रखा जाता है, क्योंकि वहीं पर गेंदबाज लगातार गेंद फेंकते हैं। इस एरिया को नुकसान पहुंचने से मैच के दौरान पिच का व्यवहार बदल सकता है, जिससे बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों प्रभावित होती हैं। इसी वजह से खिलाड़ियों को रन लेते समय इस हिस्से से बचकर दौड़ने की सलाह दी जाती है। यदि कोई खिलाड़ी बार-बार इस नियम का उल्लंघन करता है तो अंपायर उसे चेतावनी देने के बाद विरोधी टीम को पेनल्टी रन दे सकते हैं। इस घटना के बाद क्रिकेट फैंस के बीच भी इस नियम को लेकर चर्चा तेज हो गई।

कैसी थी भारत की पारी

वहीं विप्रज निगम ने बल्ले से शानदार योगदान देकर टीम की वापसी में बड़ी भूमिका निभाई। जब टीम 143 रन पर सात विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, तब उन्होंने सूर्यांश शेडगे के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 100 से ज्यादा रन जोड़े और स्कोर को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। निगम ने तेज अर्धशतक लगाते हुए 51 रन बनाए, जबकि शेडगे ने 72 रन की शानदार पारी खेली। इन दोनों की बदौलत इंडिया ए 265 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

दूसरी बार आमने-सामने हैं टीम

इस टूर्नामेंट में इंडिया ए और श्रीलंका ए की यह दूसरी टक्कर है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबले में इंडिया ए ने रोमांचक अंदाज में 8 रन से जीत दर्ज की थी। इसके बाद श्रीलंका ए ने शानदार वापसी करते हुए अफगानिस्तान ए को हराया। दूसरी ओर, इंडिया ए अपनी पिछली भिड़ंत में अफगानिस्तान ए के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और उसे 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद टीम इस मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ उतरी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।