भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने मुंबई के पॉश इलाके वर्सोवा में एक शानदार अपार्टमेंट खरीदा है। इस आलीशान अपार्टमेंट की कीमत करीब 18.29 करोड़ रुपये बताई गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फ्लैट 'गोदरेज स्काईशोर' प्रोजेक्ट में है, जिसका क्षेत्रफल 2,644 वर्ग फुट है। ये लग्जरी अपार्टमेंट मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित वर्सोवा इलाके की एक प्रीमियम रिहायशी इमारत की ऊपरी मंजिलों में स्थित है। बड़े फ्लैट के साथ इस प्रॉपर्टी में तीन कार पार्किंग की सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा करीब 316 वर्ग फुट का अतिरिक्त विशेष क्षेत्र भी शामिल है, जिससे यह घर और भी खास बन जाता है।
विराट-अनुष्का ने खरीदा फ्लैट
जैपकी को मिले प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन पेपर्स के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी की खरीद का रजिस्ट्रेशन 21 जुलाई 2026 को पूरा हुआ। इस दौरान अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में 30,000 रुपये जमा किए, जबकि इस सौदे पर करीब 1.09 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान किया गया। रजिस्ट्रेशन पेपरवर्क के मुताबिक, ये अपार्टमेंट करीब 69,159 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से खरीदा गया है, जो मुंबई के पश्चिमी इलाकों में लग्जरी घरों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
इन जगहों पर है लग्जरी प्रॉपर्टी
मुंबई का ये नया अपार्टमेंट अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की पहली लग्जरी प्रॉपर्टी नहीं है। इससे पहले भी दोनों देश के अलग-अलग शहरों में कई महंगे और आलीशान घर खरीद चुके हैं। समय-समय पर उनकी प्रॉपर्टी में किए गए निवेश सुर्खियों में रहे हैं और वे प्रीमियम रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश करने के लिए भी जाने जाते हैं। मुंबई के अलावा विराट और अनुष्का के पास गुरुग्राम में भी एक आलीशान बंगला है। डीएलएफ फेज-1 में स्थित यह घर करीब 10,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है, जिसमें निजी स्विमिंग पूल, आधुनिक जिम और कई लग्जरी सुविधाएं मौजूद हैं। इसकी अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये बताई जाती है।
अलीबाग में किया बड़ा निवेश
इसके अलावा, दोनों ने अलीबाग के जिराड गांव में आवास बीच के पास 5 एकड़ से अधिक जमीन भी खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 37.86 करोड़ रुपये बताई गई है। कपल ने अलीबाग में भी पहले से बड़ा निवेश किया हुआ है। साल 2022 में दोनों ने करीब 19 करोड़ रुपये खर्च कर लगभग 8 एकड़ जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर उन्होंने एक लग्जरी विला बनवाया है, जिसमें तापमान नियंत्रित स्विमिंग पूल, मॉडर्न किचन, चार बाथरूम, जकूजी, खूबसूरत गार्डन, कवर पार्किंग और स्टाफ के रहने की अलग व्यवस्था जैसी कई शानदार सुविधाएं मौजूद हैं।
अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने साल 2017 में इटली में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात 2013 में एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुई थी। आज इस कपल के दो बच्चे हैं, बेटी वामिका और बेटा अकाय। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जाता है कि दोनों भविष्य में बच्चों की परवरिश के लिए लंदन में बसने पर विचार कर रहे हैं। वहीं, अनुष्का शर्मा ने हाल के वर्षों में नेटफ्लिक्स फिल्म 'काला' में कैमियो भूमिका निभाई थी और इस फिल्म की सह-निर्माता भी रहीं।