IND W vs AUS W: भारत के लिए करो या मरो का मुकाबला, टीम इंडिया को सपोर्ट करने लॉर्ड्स पहुंचे विराट-अनुष्का

IND vs AUS: महिला टी20 विश्व कप 2026 के अहम मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें लॉर्ड्स में आमने-सामने हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारतीय टीम के लिए ये मैच जीतना बहुत जरुरी है। इस खास मुकाबले में टीम इंडिया का हौसला बढ़ाने के लिए विराट कोहली, अनुष्का शर्मा, रवि शास्त्री और शिखर धवन भी स्टेडियम पहुंचे

अपडेटेड Jun 28, 2026 पर 9:46 PM
पहली पारी के दौरान विराट कोहली दर्शक दीर्घा में बैठकर मैच का आनंद लेते नजर आए

महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप ए में आज का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। ये मैच भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो जैसा है। इस मुकाबले में जीत मिलने पर भारत सेमीफाइनल में जगह बना लेगा, जबकि हार के साथ टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो जाएगा। वहीं इस अहम मैच में भारतीय महिला टीम को सपोर्ट करने विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मैच देखने पहुंचे। वहीं शिखर धवन और रवि शास्त्री भी टीम को सपोर्ट करने स्टेडियम में पहुंचे। सोशल मीडिया पर इनकी फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

टीम को सपोर्ट करने पहुंचे विराट-अनुष्का

पहली पारी के दौरान विराट कोहली दर्शक दीर्घा में बैठकर मैच का आनंद लेते नजर आए। उनके साथ उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा और भारत के पूर्व कप्तान व पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री भी मौजूद थे। स्टैंड में बैठकर मैच देखते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। विराट के अलावा पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अपनी पत्नी सोफी शाइन के साथ भारतीय महिला टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम में मौजूद दिखाई दिए।


हरमनप्रीत कौर की फिप्टी

वहीं मुकाबसले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। हरमनप्रीत ने महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक बन गया। उनकी दमदार पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन बनाए।

कैसी थी भारत की पारी

भारत की पारी में हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रोड्रिग्स ने तीसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 45 गेंदों में 64 रन जोड़े, जिसमें जेमिमा ने 28 गेंदों पर 34 रन बनाए। इससे पहले सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना(38) और शेफाली वर्मा (34) ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़कर भारत को तेज़ और मजबूत शुरुआत दिलाई, जिससे टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ सकी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।