Virat Kohli breaks silence: 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में क्या हम विराट को खेलते देखेंगे? किंग कोहली ने इस पॉडकास्ट में सबकुछ बताया

Virat Kohli breaks silence: पॉडकास्ट के दौरान विराट ने अपने तरीकों पर सवाल उठाए जाने का जिक्र किया, जिसे कई लोग पिछले साल उनके टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के फैसले से जोड़कर देख रहे हैं। कोहली ने कहा कि अगर आप अपने वर्कप्लेस पर जाएं और आपको बताया जाए कि आप पर भरोसा है, लेकिन एक हफ्ते बाद आपके तरीकों पर सवाल उठाए जाएं तो यह भ्रम पैदा करता है

अपडेटेड May 15, 2026 पर 5:03 PM
Story continues below Advertisement
विराट कोहली टीम इंडिया की नीली जर्सी में कबतक दिखते रहेंगे, ये मिलियन डॉलर का सवाल है।

Virat Kohli breaks silence: विराट कोहली टीम इंडिया की नीली जर्सी में कबतक दिखते रहेंगे, ये मिलियन डॉलर का सवाल है। भारतीय क्रिकेट के फैन तो चाहते हैं कि उनके किंग कोहली हर वक्त मैदान पर दुनिया के गेंदबाजों को रौंदते नजर आएं। उनका आक्रामक व्यवहार क्रिकेट फैन्स को एक किक देता है और दुनियाभर के प्रशंसर हर वक्त इस किक के तलबगार हैं। पर अक्सर सवाल पूछा जाने लगा है कि क्या विराट कोहली 2027 के वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के साथ रहेंगे? हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के एक विशेष पॉडकास्ट में विराट कोहली ने अपने भविष्य, करियर के उतार-चढ़ाव और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। करीब 14 मिनट के इस विस्तृत इंटरव्यू में किंग कोहली ने उन सभी सवालों के जवाब दिए हैं, जो लंबे समय से फैंस के मन में थे।

विराट कोहली के लिए साल 2025 का आईपीएल ऐतिहासिक रहा, जब उन्होंने अपनी वफादारी और सालों के इंतजार के बाद आखिरकार आरसीबी को पहला खिताब दिलाया। इस जीत के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उनके आंसू पूरी दुनिया ने देखे थे। अब कोहली ने इसी जीत, अपने भविष्य और टीम इंडिया में अपनी भूमिका पर खुलकर बात की है।

2027 वर्ल्ड कप का सपना- वैल्यू होगी तो जरूर खेलूंगा


फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विराट 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में नजर आएंगे? इस पर कोहली ने बेहद स्पष्ट रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अभी हम 2026 के बीच में हैं। लोग पूछते हैं कि क्या मैं 2027 में खेलूंगा? जाहिर है, अगर मैं खेल रहा हूं तो मैं भारत के लिए खेलना चाहता हूं और वर्ल्ड कप का हिस्सा बनना चाहता हूं। हालांकि कोहली ने यह भी कहा कि मेरा नजरिया साफ है। अगर मैं माहौल में वैल्यू (मूल्य) जोड़ सकता हूं और टीम को लगता है कि मेरी जरूरत है, तो मैं वहां रहूंगा। लेकिन अगर मुझे हर वक्त अपनी योग्यता साबित करने के लिए कहा जाएगा, तो मैं उस स्पेस में नहीं रहना चाहूंगा। मैं अपनी तैयारी को लेकर ईमानदार हूं।

क्या टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के लिए किया गया मजबूर?

पॉडकास्ट के दौरान विराट ने अपने तरीकों पर सवाल उठाए जाने का जिक्र किया, जिसे कई लोग पिछले साल उनके टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के फैसले से जोड़कर देख रहे हैं। कोहली ने कहा कि अगर आप अपने वर्कप्लेस पर जाएं और आपको बताया जाए कि आप पर भरोसा है, लेकिन एक हफ्ते बाद आपके तरीकों पर सवाल उठाए जाएं तो यह भ्रम पैदा करता है। या तो पहले दिन बता दें कि मैं अच्छा नहीं हूं, या फिर मेरे साथ खड़े रहें। आप नतीजों के आधार पर अपना रुख नहीं बदल सकते। उन्होंने आगे कहा कि प्रदर्शन की गारंटी कोई नहीं दे सकता, लेकिन मेहनत और प्रतिबद्धता की गारंटी हमेशा दी जा सकती है। वह पूरे साल अपनी फिटनेस और डाइट पर काम करते हैं, न कि सीरीज से कुछ हफ्ते पहले।

RCB का पहला खिताब

कोहली ने 2025 की आईपीएल जीत को याद करते हुए कहा कि वह उस पल के लिए ईश्वर के शुक्रगुजार हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि अगर आरसीबी खिताब नहीं जीतती, तो शायद उन्हें कोई मलाल नहीं होता, लेकिन उनके मन में हमेशा एक खालीपन रहता कि वह अहसास कैसा होता है। उन्होंने एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे दिग्गजों को भी याद किया जिन्होंने आरसीबी के लिए अपना सब कुछ दिया लेकिन खिताब नहीं जीत सके।

गेंदबाजों को आजादी और क्रिकेट पाठशाला

अपनी कप्तानी के दौर को याद करते हुए विराट ने बताया कि वह गेंदबाजों को पूरी आजादी देने में यकीन रखते थे। उनका मंत्र था कि प्लान A आपका है। अगर वह फेल हुआ तो मेरे पास B, C और D तैयार हैं। मैच के बाद युवा खिलाड़ियों (जैसे यशस्वी जायसवाल) को सलाह देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर कोई युवा खिलाड़ी उनसे सीखकर बेहतर प्रदर्शन करता है, तो इससे भारतीय क्रिकेट का ही स्तर ऊंचा होगा। उन्होंने दिल्ली के युवा गेंदबाज प्रिंस का उदाहरण देते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि विपक्षी खिलाड़ी अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में रहे ताकि उन्हें भी अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता दिखाने का मौका मिले।

T20 क्रिकेट का बदलता स्वरूप

कोहली ने टी20 क्रिकेट की तुलना 'चैंपियंस लीग फुटबॉल' से करते हुए कहा कि अब यह केवल एक फॉर्मेट नहीं, बल्कि एक अलग खेल बन गया है। यहां एक छोटी सी गलती या एक खराब गेंद पूरे टूर्नामेंट का रुख बदल सकती है।

इस पूरे पॉडकास्ट को आप यहां नीचे देख सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।