भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली की फैन फॉलोइंग पूरी दुनिया में हैं। टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद अब विराट कोहली केवल वनडे मैच में ही खेलते हुए नजर आते हैं। फैंस विराट कोहली को मैदान पर खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार करते हैं। वहीं विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। इस मुकाबले से पहले से विराट कोहली ने एक बड़ा खुलासा किया है, जिसे सुन हर क्रिकेट फैंस का दिल टूट जाएगा। विराट कोहली ने कहा कि 2027 में होने वाला वनडे वर्ल्ड कप उनके लिए इस फॉर्मेट का आखिरी बड़ा टूर्नामेंट होगा।
2027 का वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के मुकाबले 12 अलग-अलग जगहों पर खेले जाएंगे। कोहली के इस ऐलान के बाद 2027 वर्ल्ड कप में उनके खेलने को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।
विराट को होगा आखिरी वर्ल्ड कप?
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले बातचीत के दौरान विराट कोहली ने कहा कि, 2027 का वनडे वर्ल्ड कप भारतीय टीम के साथ उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। उन्होंने कहा कि वह अपने इस सफर का अंत वर्ल्ड कप जीतकर करना चाहते हैं। विराट कोहली ने कहा, "50 ओवर के वर्ल्ड कप की चुनौती और दबाव किसी भी दूसरे फॉर्मेट से ज्यादा होता है। इसमें करीब 10 मैचों तक T20 जैसी तेज और कड़ी क्रिकेट खेलनी पड़ती है। एक दिन में लगभग ढाई T20 मैच जितनी एनर्जी लगती है। इतने बड़े टूर्नामेंट में 10 मैचों तक इस स्तर की तेजी और जोश बनाए रखना आसान नहीं होता। खासकर तब, जब मुकाबले विदेशी परिस्थितियों में खेले जा रहे हों। यह टूर्नामेंट खिलाड़ी से बहुत कुछ मांगता है।"
कोहली ने आगे कहा, "मेरे लिए ये भारत के लिए आखिरी वर्ल्ड कप होगा और यही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। मेरा लक्ष्य साफ है कि वर्ल्ड कप जीतना है और इसके लिए मुझे जो भी करना पड़ेगा, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।"
विराट कोहली ने 2011 में अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खेला था। इसी टूर्नामेंट में भारत ने 2 अप्रैल 2011 को महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खिताब जीता था। इसके बाद कोहली 2015, 2019 और 2023 के वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे। इस तरह वह अब तक चार वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए खेल चुके हैं। विराट कोहली वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर हैं। 2023 के वर्ल्ड कप में उन्होंने 765 रन बनाकर एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया था। भारत के लिए 314 वनडे मैचों में कोहली के नाम 14,941 रन हैं।
अभी काम पूरा नहीं हुआ है-रोहित
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की नजर भी 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर है। रोहित ने संकेत दिया कि वह इस बड़े टूर्नामेंट में खेलने की तैयारी कर रहे हैं। रोहित शर्मा ने कहा, "मेरे मन में कभी यह विचार नहीं आएगा कि मेरा काम पूरा हो गया है। जब तक आप खेल रहे होते हैं, तब तक हमेशा कुछ न कुछ ऐसा होता है, जिसका आप इंतजार कर सकते हैं। मैं भी वर्ल्ड कप का इंतजार कर रहा हूं और देख रहा हूं कि आगे मेरे लिए क्या है।"
उन्होंने आगे कहा, "जब वर्ल्ड कप या कोई ICC टूर्नामेंट खेला जाता है, तो उसमें एक अलग तरह की चुनौती होती है। आपको अलग-अलग टीमों के खिलाफ खेलना होता है और अलग-अलग मैदानों पर मुकाबले होते हैं। ऐसे में आपको अपनी तैयारी और सोच दोनों को बदलना पड़ता है। यही इस तरह के टूर्नामेंट की सबसे बड़ी चुनौती है।"