क्रिकेट के मैदान पर बल्लेबाजों को आपने चोके और छक्के मारते हुए देखा होगा। लेकिन क्या आपने कभी ये सोचा हैं कि जिस बल्ले से क्रिकेटर चौक्के और छक्के लगाते है, वो बैट कहां से आता है और इन बैटों की क्या खासियत होती है। अक्सर युवा बल्लेबाजों और लोगों के दिमाग में ये बात आती है कि जिस बल्ले से विराट कोहली,रोहित शर्मा और एमएस धोनी खेलते हैं, वो बैट कौन सा होता है। वहीं इसकी कीमत कितनी होती है। बता दें इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के ये बल्ले की कीमत लाखों में होती है। आइए जानते हैं इसके बारे में डिटेल्स
किस बल्ले से खेलते है क्रिकेटर
लोकल 18 ने क्रिकेट और स्पोर्ट्स कारोबार से जुड़े शोभित त्यागी से इस बारे में खास बातचीत की। शोभित त्यागी उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम के लिए खेल चुके हैं। त्यागी ने बताया कि, "विराट कोहली समेत कई बड़े भारतीय और विदेशी खिलाड़ी 'इंग्लिश विलो बैट' का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, इस तरह के बैट से कलाई का अच्छा इस्तेमाल कर बड़े शॉट खेलना आसान होता है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोहली की पारी का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी कलाई का शानदार इस्तेमाल करते हुए कई शानदार छक्के लगाए।"
लाखों में मिलता है विराट का बल्ला
त्यागी के मुताबिक, इंग्लिश विलो बैट काफी हल्का होता है और इसका पिकअप भी अच्छा रहता है। इससे बल्लेबाज को बैट आसानी से घुमाने में मदद मिलती है, जिससे वह कवर्ड ड्राइव, कट और स्ट्रेट ड्राइव जैसे शॉट बेहतर तरीके से खेल सकता है। खिलाड़ी अपनी जरूरत और खेलने के अंदाज के हिसाब से बैट को तैयार करवाते हैं, ताकि मैदान पर बेहतर और आक्रामक बल्लेबाजी कर सकें। उन्होंने बताया कि विराट कोहली का बैट भी इंग्लिश विलो की बेहतर क्वालिटी वाली लकड़ी से तैयार किया जाता है। यही वजह है कि ऐसे बैट की कीमत आम बैट की तुलना में काफी ज्यादा होती है और यह लाखों रुपये तक पहुंच सकती है।
प्रोफेशनल क्रिकेट में इंग्लिश विलो बैट की मांग लगातार बढ़ रही है और अब युवा खिलाड़ी भी इसे काफी पसंद कर रहे हैं। ये बैट मेरठ में आसानी से मिल जाते हैं। खिलाड़ियों को कई बार कंपनियों की ओर से स्पॉन्सर्ड बैट मिलते हैं, जिनकी कीमत तय करना मुश्किल होता है, लेकिन आम तौर पर इंग्लिश विलो बैट करीब 10 हजार से 2 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। मेरठ का स्पोर्ट्स बाजार क्रिकेट बैट बनाने के लिए देश ही नहीं, विदेशों में भी जाना जाता है। कई भारतीय और विदेशी खिलाड़ी अपनी जरूरत के हिसाब से मेरठ में तैयार किए गए बैट का इस्तेमाल करते हैं। आईपीएल के दौरान भी महेंद्र सिंह धोनी सहित कई बड़े खिलाड़ी यहां से अपनी पसंद के मुताबिक बैट तैयार करवाते हैं।