'एक बिहारी सब पर भारी, फिर...' आरसीबी ने शेयर की विराट कोहली का वैभव सूर्यवंशी की खास बातचीत का वीडियो

फाइनल मुकाबले में जीतने के बाद आरसीबी के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हुआ था। वहीं अब आईपीएल के बाद आरसीबी टीम ने दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई खास बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 5:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की बातचीत का एक वीडियो शेयर किया

आईपीएल 2026 में महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया। आईपीएल में खेले 16 मुकाबलों में वैभव ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 776 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, वहीं सीजन के दौरान उन्होंने 72 छक्के भी जड़े। शानदार प्रदर्शन के दम पर वैभव ने ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर जैसे बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। वहीं फाइनल मुकाबला जीतने के बाद आरसीबी के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली वैभव सूर्यवंशी से मिले।

इस खास मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कुछ समय तक बातचीत हुई। वहीं आईपीएल के बाद आरसीबी टीम ने वैभव और विराट के बीच हुई खास बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

वैभव-विराट के बीच हुई ये बातचीत


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम की खिताबी जीत के बाद विराट कोहली और वैभव सूर्यवंशी की बातचीत का एक वीडियो शेयर किया। ये वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में विराट कोहली युवा बल्लेबाज को उनकी शुरुआती सफलता को सही दिशा में आगे बढ़ाने और अपने खेल में लगातार सुधार करने पर ध्यान देने की सलाह देते नजर आए।

आरसीबी ने शेयर किया वीडियो

विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी से कहा कि वह लोगों की बातों या बाहरी दबाव से प्रभावित न हों और अपना पूरा ध्यान खेल पर बनाए रखें। वीडियो में विराट कोहली ने कहा, “यहां से ऊपर जाना है। जो हुआ है वो अच्छी मेहनत की वजह से, विश्वास की वजह से हुआ है। अभी कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है.. (सुनना नहीं है)। बैट फॉर टू बस्स्स… एक बिहारी सब पे भारी, फिर खत्म गेम।”

आरसीबी के खिलाफ खेला तूफानी पारी

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया था। युवा ओपनर ने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोक दिए थे और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 300 का रहा। अपनी इस तूफानी पारी में वैभव ने भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम दार और क्रुणाल पांड्या जैसे अनुभवी गेंदबाजों का डटकर सामना किया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। उनकी इस पारी ने क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों को काफी प्रभावित किया था।

वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 202 रन के बड़े लक्ष्य को केवल 18 ओवर में हासिल कर लिया। टीम ने ये मुकाबला चार विकेट खोकर अपने नाम किया। मैच खत्म होने के बाद युवा बल्लेबाज ने विराट कोहली से अपनी कैप पर ऑटोग्राफ लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।