IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच अभी एक मात्र टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। वहीं टेस्ट मैच के बाद दोनों टीमें 13 जून से वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। वहीं वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है।अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से स्टार बल्लेबाज विराट कोहली बाहर हो गए हैं। विराट की जगह युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को भारतीय टीम में मौका दिया गया है। विराट कोहली को ये चोट आईपीएल 2026 के फाइनल में हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसकी वजह से वह अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से बाहर हो गए है।
वहीं सेलेक्टर्स ने विराट को पहले टीम में शामिल किया था, लेकिन पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण अब वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं रहेंगे। ऐसे में जायसवाल के पास वनडे टीम में अपनी छाप छोड़ने का अच्छा अवसर होगा।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 13 जून से शुरू होने जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 17 जून को दूसरे वनडे में लखनऊ में आमने-सामने होंगी। वहीं सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड
24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल ने अपना पिछला वनडे मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेला था। जायसवाल को चोटिल शुभमन गिल की जगह टीम में शामिल किया गया था। पहले दो मैचों में साधारण प्रदर्शन के बाद जायसवाल ने तीसरे वनडे में नाबाद 116 रन बनाकर अपना पहला शतक जड़ा और भारत को 2-1 से सीरीज जिताने में अहम योगदान दिया। यशस्वी ने अब तक खेले चार मुकाबलों में 171 रन बनाकर अपनी प्रतिभा साबित की है। दिलचस्प बात ये है कि जायसवाल ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ कोहली की गैरमौजूदगी में वनडे डेब्यू किया था।
टेस्ट-टी20 से ले चुके हैं सन्यास
विराट कोहली अब केवल वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का हिस्सा हैं, क्योंकि वह टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। कोहली ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेला था, जहां उन्होंने तीन मैचों में 240 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था।
भारत की अपडेटेड वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा*, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या*, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे