Virat Kohli: भारत के स्टार बैटर विराट कोहली ने करीब 15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार वापसी की है। विराट इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और उनके बल्ले से लगातार रन बना रहे हैं। बेंगलुरु में खेले गए दिल्ली के लगातार दो जीत में कोहली ने बड़ी भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में कोहली ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ शानदार शतक लगाया। इसके बाद गुजरात के खिलाफ BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 पर उन्होंने फिफ्टी लगाई। दिल्ली और गुजरात के मैच में गुजरात के गेंदबाज विशाल जायसवाल ने विराट कोहली को आउट किया। विराट को आउट करने के बाद विशाल ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट किया।
गुजरात के विशाल जायसवाल ने इंस्टाग्राम पर विराट के साथ एक फोटो और कोहली की मैच बॉल पर साइन की हुई गेंद शेयर की है।पोस्ट में जायसवाल ने लिखा, “वर्ल्ड क्रिकेट में उन्हें दबदबा बनाते हुए देखने से लेकर उनके साथ एक ही फील्ड शेयर करने और उनका विकेट लेने तक, यह एक ऐसा पल है जिसके बारे में मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि यह सच हो जाएगा। विराट भाई का विकेट लेना कुछ ऐसा है जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा। इस मौके, इस सफर और इस खूबसूरत खेल ने मुझे जो कुछ भी दिया है, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं।”
जायसवाल की बेहतरीन गेंदबाजी
दिल्ली के खिलाफ मैच में बाएं हाथ के स्पिनर विशाल जायसवाल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए विराट कोहली को आउट किया। जायसवाल की गेंद पर कोहली क्रीज से बाहर निकले, लेकिन गेंद बाहर की ओर घूम गई। इसी मौके का फायदा उठाते हुए विकेटकीपर उर्विल पटेल ने तेजी से स्टंपिंग कर दी। इस तरह कोहली शॉट खेलने से चूक गए और दिल्ली को बड़ा झटका लगा। जायसवाल ने अपने कोटे में 4 विकेट देकर 42 रन खर्च किए और कोहली के अलावा दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत (70), अर्पित राणा (10) और नीतीश राणा (12) को भी पवेलियन भेजा।
कोहली-रोहित खेल रहें विजय हजारे ट्रॉफी
दो मैच खेलने के बाद विराट कोहली शुक्रवार को ही बेंगलुरु से रवाना हो गए थे। हालांकि खबरें हैं कि जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले वह दिल्ली की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी का एक और मैच खेल सकते हैं। कोहली के अलावा रोहित शर्मा ने भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। उन्होंने सिक्किम के खिलाफ मुंबई की बड़ी जीत में शानदार 155 रन बनाए, लेकिन इसके बाद उत्तराखंड के खिलाफ वह बिना खाता खोले ही आउट हो गए।