Virat Kohli: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कल खेला जाएगा। 5 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है। इसी बीच भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने गुरुवार, 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मनाया। इस खास मौके पर फैंस और क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने उन्हें बधाई दी। इसी बीच उनका एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में कोहली एक स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के लिए बॉलीवुड गाना गाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनके मजाकिया अंदाज और गाने के बोल में अचानक किए गए बदलाव ने जर्नलिस्ट को हंसने पर मजबूर कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर कई मजेदार प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं।
क्रिकेट किट बैग टांगे नजर आए कोहली
वीडियो में विराट कोहली का मस्ती भरा और बेफिक्र अंदाज देखने को मिल रहा है। वह न्यूजीलैंड के एक प्रैक्टिस ग्राउंड के बाहर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट विमल कुमार से मुलाकात करते हैं। इस वीडियो को स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और कमेंटेटर विमल कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सोशम मीडिया पर शेयर किए गप पोस्ट के कैप्शन में विमल कुमार ने लिखा, “हर दिन ऐसा नहीं होता कि विराट कोहली अचानक आपके लिए गाना गाने लगें! जन्मदिन पर मिला यह छोटा सा सरप्राइज मेरे लिए बेहद खास है, जिसे मैं लंबे समय तक याद रखूंगा।”
वीडियो में विराट कोहली कंधे पर अपना क्रिकेट किट बैग टांगे प्रैक्टिस ग्राउंड से बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर खड़े विमल कुमार पर पड़ती है। उन्हें देखते ही कोहली फिल्म 'खिलाड़ी 786' का एक बॉलीवुड गाना गुनगुनाने लगते हैं। कोहली गाते हैं, “फायर ब्रिगेड मंगवा दे तू, अंगारों पर हैं अरमान। ओ विमलवा!” इस दौरान उन्होंने गाने के असली बोल ‘बलमा’ की जगह ‘विमलवा’ कर दिए, जिससे ये पल और भी मजेदार बन गया। उनका यह अंदाज देखकर विमल कुमार मुस्कुराने लगे। इसके बाद कोहली ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और गले लगाकर अभिवादन किया। वहां से जाने से पहले विराट कोहली और विमल कुमार के बीच कुछ देर बातचीत भी होती है।
वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने इस पर मजेदार कमेंट्स करना शुरू कर दिया। कई लोगों ने कोहली के गाने और विमल कुमार के साथ उनके दोस्ताना व्यवहार की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “बिना किसी तैयारी के हुए पल ही अक्सर सबसे यादगार बन जाते हैं।” वहीं, दूसरे ने कहा, “आप वाकई बहुत खुशकिस्मत हैं।” एक यूजर ने कमेंट किया, “विराट इतनी आसानी से किसी से घुलते-मिलते नहीं हैं। विमलवा में जरूर कोई खास बात होगी।” वहीं, एक अन्य फैन ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “चीकू तो चीकी है।”