IPL: आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 26 मार्च से हो रही है। आईपीएल के पिछले 18 सालों में 750 से ज्यादा खिलाड़ी इस लीग में खेल चुके हैं, लेकिन बहुत कम ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही टीम के लिए लगातार लंबे समय तक खेला है। अब तक सिर्फ पांच खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने आईपीएल में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 100 से ज्यादा मैच खेले हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस खास सूची में केवल दो भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि आईपीएल के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले महेंद्र सिंह धोनी भी इसमें नहीं आते, क्योंकि वह अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं। आइए जानते है उन खिलाड़ियों के बारे में
विराट कोहली ने 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल में कदम रखा था। कोहली तब से वह लगातार इसी टीम का हिस्सा बने हुए हैं। वह लीग के इकलौते खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही फ्रेंचाइजी के लिए सभी 18 सीजन खेले हैं। कोहली ने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था और अब तक 267 मैचों में 8,661 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
जसप्रीत बुमराह ने 2013 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में डेब्यू किया था और तब से वह इसी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक 145 मैचों में 183 विकेट लिए हैं और मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हुए हैं। बुमराह टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाते रहे हैं और उनके नाम पांच आईपीएल खिताब भी हैं।
सुनील नरेन 2012 से कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ जुड़े हुए हैं और टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने केकेआर के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने के साथ-साथ सबसे ज्यादा विकेट भी लिए हैं। 2012, 2014 और 2024 में टीम को खिताब जिताने में उनका बड़ा योगदान रहा है। नरेन ने अब तक 189 मैचों में 1780 रन बनाए हैं और 192 विकेट लेकर अपनी ऑलराउंड क्षमता भी साबित की है।
कीरोन पोलार्ड ने 2010 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 189 मैचों में 3412 रन बनाए। वह टीम के अहम खिलाड़ियों में से एक रहे और मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने में उनकी बड़ी भूमिका रही। आईपीएल से संन्यास लेने के बाद भी वह टीम से जुड़े रहे और अब बैटिंग कोच के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने आईपीएल में सिर्फ मुंबई इंडियंस के लिए ही खेला। 2009 से 2019 के बीच उन्होंने 122 मैचों में 170 विकेट लिए।