T20 वर्ल्ड कप जीत के बाद भी नहीं थमी जुबानी जंग, मोहम्मद कैफ ने आमिर से पूछा ये सीधा सवाल

रविवार को T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीत लिया। इसके बाद मोहम्मद कैफ ने मोहम्मद आमिर से पूछा कि उन्होंने यह भविष्यवाणी किस आधार पर की थी कि भारत ट्रॉफी नहीं जीत पाएगा। कैफ ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि, आमिर ने पहले कहा था कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी और वेस्टइंडीज से हार जाएगी

अपडेटेड Mar 10, 2026 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत भले ही मैदान में खत्म हो गई है, लेकिन सोशल मीडिया और टीवी स्क्रीन्स पर जंग अभी भी जारी है।

भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत भले ही मैदान में खत्म हो गई है, लेकिन सोशल मीडिया और टीवी स्क्रीन्स पर जंग अभी भी जारी है।  भारत टी20 वर्ल्ड कप जीतकर चैंपियन बन चुका है पर टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ और पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद आमिर के बीच जुबानी तकरार अभी भी चल रही है। विवाद तब शुरू हुआ जब आमिर ने एक पाकिस्तानी शो में कहा था कि भारत ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा। लेकिन 1 मार्च को भारत ने अपने तीसरे सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके बाद कैफ ने आमिर पर निशाना साधते हुए कहा कि आमिर अक्सर सुर्खियों में बने रहने और लोगों का ध्यान खींचने के लिए भारत के खिलाफ ऐसे बयान देते हैं। कैफ ने कहा कि आमिर को अच्छी तरह पता था कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत सेमीफाइनल तक जरूर पहुंचेगा, लेकिन खबरों में रहने के लिए वह इस तरह की बातें करते हैं।

आमिर और मोहम्मद कैफ के बीच हुई जुबानी जंग

इसके बाद मोहम्मद कैफ ने आमिर पर निशाना साधते हुए कहा कि 2024 T20 वर्ल्ड कप में USA के खिलाफ पाकिस्तान की हार के लिए आमिर ही जिम्मेदार थे। कैफ ने कहा कि उस मैच के अहम ओवर में आमिर ने भले ही सिर्फ एक बाउंड्री दी, लेकिन उन्होंने कई वाइड गेंदें फेंकी और उनकी गेंदें स्टंप पर भी नहीं लग रही थीं। कैफ के मुताबिक, उसी ओवर की वजह से पाकिस्तान दबाव में आ गया और मैच हार गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आखिर उस USA टीम के सामने कौन घबरा गया था और अपनी टीम को हार की ओर धकेल दिया। कैफ ने यह भी कहा कि उन्हें इस बारे में और कुछ कहने की जरूरत नहीं है।


इसके बाद गुस्से में मोहम्मद आमिर ने मोहम्मद कैफ के क्रिकेट करियर का मज़ाक उड़ाया। 33 साल के आमिर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्हें कैफ के क्रिकेट करियर के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने उनके आंकड़े देखे। आमिर के मुताबिक, कैफ ने आईपीएल में सिर्फ 29 मैच खेले हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 103 रहा है। आमिर ने यह भी कहा कि उन्हें भारत के बारे में बोलकर सुर्खियां बटोरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उन्होंने खुद करीब 350 टी20 मैच खेले हैं और उनके आंकड़े सबके सामने हैं।

आमिर ने आगे कहा कि कैफ को भारतीय टीम में खेलने के लिए पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का शुक्रगुजार होना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कैफ को टीम में जगह उनकी फील्डिंग की वजह से मिली थी। आमिर ने यह भी कहा कि वह सिर्फ फील्डिंग के दम पर नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन की वजह से क्रिकेट खेले हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि एक क्रिकेटर होने के नाते कैफ को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए।

कैफ का सीधा सवाल

वहीं रविवार को T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीत लिया। इसके बाद मोहम्मद कैफ ने मोहम्मद आमिर से पूछा कि उन्होंने यह भविष्यवाणी किस आधार पर की थी कि भारत ट्रॉफी नहीं जीत पाएगा। कैफ ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि, आमिर ने पहले कहा था कि भारतीय टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगी और वेस्टइंडीज से हार जाएगी। फिर उन्होंने कहा कि भारत इंग्लैंड से हार जाएगा क्योंकि वह बहुत मजबूत टीम है। इसके बाद उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत फाइनल में पहुंच भी गया, तो वह मैच नहीं जीत पाएगा।

कैफ ने आगे कहा कि वह आमिर का मजाक उड़ाने के लिए यह वीडियो नहीं बना रहे हैं, बल्कि सिर्फ उनका तर्क समझना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कम से कम छह खिलाड़ी 2026 के टूर्नामेंट में भी खेल रहे थे। ऐसे में यह कहना कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा या फाइनल नहीं जीतेगा, समझ से बाहर है। इसलिए वह आमिर से जानना चाहते हैं कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा था। वहीं इस बार मोहम्मद आमिर ने अपने जवाब में काफी सावधानी बरती और अच्छे सवाल के लिए मोहम्मद कैफ की तारीफ भी की।

आमिर ने दिया ये जवाब

आमिर ने कहा कि वह यह वीडियो खास तौर पर कैफ के लिए बना रहे हैं और इसे किसी गुस्से या विवाद की वजह से नहीं बना रहे। उन्होंने बताया कि भारत की जीत के बाद कैफ ने उनसे जो सवाल पूछा, वह काफी अच्छा था। आमिर के मुताबिक क्रिकेट में इस तरह की स्वस्थ बहस होनी चाहिए। अगर किसी क्रिकेटर को किसी की राय समझ नहीं आती या पसंद नहीं आती, तो उसे उस पर सवाल जरूर करना चाहिए कि यह बात किस आधार पर कही गई है। आमिर ने कहा कि उन्हें कैफ का सवाल सच में पसंद आया, क्योंकि एक क्रिकेटर का दूसरे क्रिकेटर से सवाल करना बिल्कुल सही और स्वाभाविक बात है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।