भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत भले ही मैदान में खत्म हो गई है, लेकिन सोशल मीडिया और टीवी स्क्रीन्स पर जंग अभी भी जारी है। भारत टी20 वर्ल्ड कप जीतकर चैंपियन बन चुका है पर टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ और पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद आमिर के बीच जुबानी तकरार अभी भी चल रही है। विवाद तब शुरू हुआ जब आमिर ने एक पाकिस्तानी शो में कहा था कि भारत ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगा। लेकिन 1 मार्च को भारत ने अपने तीसरे सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके बाद कैफ ने आमिर पर निशाना साधते हुए कहा कि आमिर अक्सर सुर्खियों में बने रहने और लोगों का ध्यान खींचने के लिए भारत के खिलाफ ऐसे बयान देते हैं। कैफ ने कहा कि आमिर को अच्छी तरह पता था कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत सेमीफाइनल तक जरूर पहुंचेगा, लेकिन खबरों में रहने के लिए वह इस तरह की बातें करते हैं।
