Washington Sundar: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत हो गई है। सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला गया। पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वहीं सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी को राजकोट में सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरे मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। पहले वनडे में चोट लगने की वजह से भारत के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। BCCI ने उनके रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ये जानकारी दी है।
सिलेक्शन कमेटी ने वाशिंगटन सुंदर की जगह आयुष बदोनी को भारतीय टीम में शामिल किया है। ये पहला मौका है जब दिल्ली के इस बल्लेबाज को सीनियर भारतीय टीम में मौका मिला है। आयुष बदोनी दूसरे वनडे मैच से पहले राजकोट में टीम से जुड़ेंगे।
वाशिंगटन का स्कैन करवाया जाएगा
BCCI ने बताया, "26 साल के सुंदर को पहले वनडे मैच के दौरान गेंदबाजी करते समय बाईं निचली पसली में तेज दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। अब उनका आगे स्कैन कराया जाएगा, जिसके बाद BCCI की मेडिकल टीम विशेषज्ञों की राय लेकर आगे का फैसला करेगी।" वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले 5 मैचों की टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप की टीम का हिस्सा है।
बैटिंग करने आए थे वाशिंगटन
पहले वनडे मैच में वाशिंगटन सुंदर ने सिर्फ पांच ओवर गेंदबाजी कर पाए थे, जिसमें उन्होंने 5.40 की इकॉनमी से 27 रन दिए पर कोई विकेट नहीं ले सके। सुंदर चोट लगने के बाद मैदान से बाहर गए और फिर फील्डिंग के लिए मैदान पर वापस नहीं आ सके। बाद में सुंदर आठवें नंबर बल्लेबाजी करने आए थे, जब टीम को जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। सुंदर ने केएल राहुल के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत ने छह गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। सुंदर सात गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे।
एक हफ्ते में तीन खिलाड़ियों को लगी चोट
वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के साथ ही भारत को एक हफ्ते के अंदर तीसरा झटका लगा है। इससे पहले ऋषभ पंत को पहले वनडे से एक दिन पहले नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान साइड स्ट्रेन हो गया था, जिसके चलते वह पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए। वहीं तिलक वर्मा भी पेट से जुड़ी सर्जरी के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन टी20 मैच नहीं खेल पाएंगे। इस पर BCCI ने बताया था कि तिलक पूरी तरह ठीक होने के बाद दोबारा फिजिकल ट्रेनिंग शुरू करेंगे और धीरे-धीरे क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में वापसी करेंगे।
कैसा था भारत और न्यूजीलैंड का पहला मैच
रविवार को भारत ने 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहला वनडे मुकाबला जीत लिया। विराट कोहली ने 93 रन की शानदार पारी खेली, जो वनडे क्रिकेट में उनका लगातार पांचवां 50 या उससे ज्यादा का स्कोर रहा। शुभमन गिल ने भी अर्धशतक जमाया, जबकि श्रेयस अय्यर 49 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले गेंदबाजी में हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज ने दो-दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 50 ओवर में 300 रन पर रोक दिया, जिसके बाद भारत ने लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया।
दूसरे और तीसरे ODI के लिए भारत की अपडेटेड टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), आयुष बडोनी।