टी20 वर्ल्ड कप खत्म होने के 14 दिन बाद अपने घर पहुंचे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, जानें कैसे हुई वतन वापसी

टी20 वर्ल्ड कप 2025 के बाद भारत में फंसे वेस्ट इंडीज के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अब सुरक्षित अपने देश लौट गए हैं। क्रिकेट वेस्ट इंडीज (CWI) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और दुबई में एयरस्पेस बंद होने के कारण टीम को कुछ समय के लिए कोलकाता में रुकना पड़ा था

अपडेटेड Mar 15, 2026 पर 9:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेस्ट इंडीज ने 1 मार्च को कोलकाता में टी20 वर्ल्ड कप का अपना आखिरी मैच खेला था

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2025 के बाद भारत में रुके वेस्ट इंडीज के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ अब सुरक्षित अपने देश लौट चुके हैं। क्रिकेट वेस्ट इंडीज (CWI) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। वेस्टइंडीज टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण यात्रा में आई दिक्कतों की वजह से भारत में ही फंसे थे। अब खिलाड़ी सुरक्षित अपने घर लौट चुके हैं। बता दें अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते दुबई जैसे बड़े ट्रांजिट हब पर एयरस्पेस और कुछ एयरपोर्ट बंद हो गए थे। इसी वजह से वेस्ट इंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमें कुछ समय के लिए कोलकाता में रुक गई थीं।

कब था वेस्टइंडीज का आखिरी मैच

वेस्ट इंडीज टीम ने 1 मार्च को कोलकाता में टी20 वर्ल्ड कप का अपना आखिरी मैच खेला था। इसके बाद यात्रा में आई दिक्कतों के कारण खिलाड़ी कुछ समय के लिए भारत में ही रुक गए थे। आईसीसी ने गुरुवार को बताया कि, खिलाड़ियों का आखिरी ग्रुप भी रवाना हो चुका है। वहीं क्रिकेट वेस्ट इंडीज (CWI) ने शनिवार को बयान जारी कर पुष्टि की कि टूर्नामेंट में शामिल सभी खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट यूनिट के सदस्य अब अपनी यात्रा पूरी कर अपने-अपने घर सुरक्षित पहुंच गए हैं।


सीडब्ल्यूआई पोस्ट कर दी जानकारी

सीडब्ल्यूआई ने कहा, “खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का आखिरी समूह पिछले कुछ दिनों में अपनी यात्रा पूरी कर अब सुरक्षित अपने-अपने स्थानों पर पहुंच गया है।” वेस्ट इंडीज के नौ खिलाड़ी हफ्ते की शुरुआत में ही रवाना हो गए थे, जबकि बाकी 16 लोगों को कमर्शियल फ्लाइट से भेजा गया। सीडब्ल्यूआई ने खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षित वापसी के इंतजाम में मदद के लिए आईसीसी, क्षेत्रीय क्रिकेट बोर्ड और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। बोर्ड ने वेस्ट इंडीज के प्रशंसकों और क्रिकेट समुदाय को भी उनकी चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया।"

सीडब्ल्यूआई ने आगे कहा, “हमारे खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षा और भलाई सबसे महत्वपूर्ण है और हमें खुशी है कि यह मामला सुरक्षित और संतोषजनक तरीके से सुलझ गया है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।