IND vs NZ Final: भारत या न्यूजीलैंड... फाइनल में बारिश बनी विलेन तो कौन बनेगा चैंपियन? जानें क्या है पूरा समीकरण

IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले फैंस के मन में सवाल है कि अगर बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं हो पाता है तो विजेता कैसे तय किया जाएगा। क्या मैच के लिए कोई रिजर्व डे रखा गया है। जानें इसके बारे में सबकुछ

अपडेटेड Mar 07, 2026 पर 11:07 PM
Story continues below Advertisement
दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है

IND vs NZ: टी20 का कारवां अब अपने फाइनल को ओर बढ़ गया है। टी20 का खिताबी मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को खेला जाएगा। ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा, जहां एक लाख से ज्यादा दर्शकों के आने की उम्मीद है। भारत ने मुंबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं न्यूजीलैंड ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।

वहीं इस बीच फैंस के मन में सवाल है कि अगर बारिश की वजह से मुकाबला पूरा नहीं हो पाता है तो विजेता कैसे तय किया जाएगा। बता दें आईसीसी ने पहले ही इसके लिए नियम तय किए हैं।

मैच के लिए रखा गया है रिजर्व डे


वेदर रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को अहमदाबाद में बारिश की संभावना बहुत कम है। हालांकि अगर 8 मार्च को भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच होने वाला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल बारिश या किसी और कारण से पूरा नहीं हो पाता, तो इसके लिए रिजर्व डे रखा गया है। आईसीसी ने इस बड़े मुकाबले के लिए सोमवार, 9 मार्च को अतिरिक्त दिन तय किया है। यानी अगर रविवार को मैच नहीं हो पाता या अधूरा रह जाता है, तो बाकी खेल सोमवार को कराया जाएगा, ताकि फाइनल का नतीजा तय किया जा सके।

क्या है आईसीसी का नियम

ICC ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नियमों के बारे में जारी अपनी रिलीज में कहा, “अगर तय दिन खेल के दौरान कोई रुकावट आती है, तो अंपायर उपलब्ध अतिरिक्त समय का इस्तेमाल करेंगे और जरूरत पड़ने पर उसी दिन नतीजा निकालने के लिए ओवरों की संख्या भी कम कर सकते हैं। अंपायर इस बात की कोशिश करेंगे कि निर्धारित दिन पर ज्यादा से ज्यादा खेल कराया जा सके, ताकि मैच का नतीजा उसी दिन निकल सके।”

अगर रविवार को बारिश के कारण मैच के दौरान खेल रुक जाता है, तो मुकाबला अगले दिन यानी सोमवार 9 मार्च को वहीं से फिर शुरू किया जाएगा, जहां तक खेल हो चुका होगा।

10 ओवर की गेंदबाजी करना जरूरी

ICC ने एक रिलीज़ में कहा, “मैच का नतीजा पाने के लिए दोनों टीमों को कम से कम दस (10) ओवर बल्लेबाजी करने का मौका मिलना चाहिए। अगर तय दिन पर कम से कम ओवर पूरे कराने के लिए जरूरी कट-ऑफ समय तक खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाता, तो उस दिन का खेल समाप्त कर दिया जाएगा और मैच को पूरा करने या फिर से शुरू करने के लिए रिजर्व डे का इस्तेमाल किया जाएगा।”

आगे कहा गया, “अगर रिजर्व डे का उपयोग किसी अधूरे मैच को जारी रखने के लिए किया जाता है, तो खेल वहीं से आगे बढ़ेगा, जहां तय दिन पर आखिरी गेंद फेंकी गई थी। क्रिकेट में मैच की शुरुआत टॉस के साथ मानी जाती है। इसलिए अगर तय दिन टॉस हो जाता है लेकिन उसके बाद खेल नहीं हो पाता, तो टॉस का नतीजा और चुनी हुई टीमें रिजर्व डे पर भी वैसी ही रहेंगी।”

अगर रिजर्व डे पर नहीं हो पाया मैच फिर?

अगर खराब मौसम की वजह से सोमवार को रिजर्व डे पर भी मैच नहीं खेला जा पाता, तो भारत और न्यूजालैंड दोनों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के नियमों के अनुसार आधिकारिक नतीजा पाने के लिए दोनों टीमों का कम से कम 10-10 ओवर खेलना जरूरी है। इससे कम ओवर होने पर मैच का नतीजा मान्य नहीं माना जाएगा। हालांकि टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज और सुपर-8 मुकाबलों में नियम अलग थे, जहां परिणाम के लिए दोनों टीमों का कम से कम 5-5 ओवर खेलना काफी था, लेकिन फाइनल में मुकाबले में न्यूनतम 10 ओवर का खेल जरूरी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।