IND vs SL: कौन हैं कुलदीप यादव की जगह लेने वाले 33 साल के सारांश जैन? बने 21वीं सदी के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी

IND vs SL: टेस्ट डेब्यू करके सारांश जैन ने खास रिकॉर्ड बनाया है। वह 21वीं सदी में भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। 1998 के बाद भी वह भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी हैं

अपडेटेड Aug 23, 2026 पर 12:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सारांश जैन ऑलराउंडर हैं और उनकी मुख्य ताकत ऑफ-स्पिन गेंदबाजी है

IND vs SL: मध्य प्रदेश के सारांश जैन का भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। सारांश जैन ने 33 साल की उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया है। सारांश जैन ने इंटरनेशल क्रिकेट में अपना डेब्यू कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में किया है। मैच शुरू होने से पहले रवींद्र जडेजा ने उन्हें उनकी पहली इंडिया कैप सौंपी। भारतीय क्रिकेट में सारांश जैन ने एक खास उपलब्धि हासिल की है। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद सारांश को भारतीय टीम में खेलने का मौका मिला है।

सारांश जैन को कुलदीप यादव की जगह भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। कुलदीप इस समय वायरल इंफेक्शन से ठीक हो रहे हैं। वहीं, जरूरत पड़ने पर कुलदीप को कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है।

बनाया अनोखा रिकॉर्ड


33 साल 145 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू करके सारांश जैन ने खास रिकॉर्ड बनाया है। वह 21वीं सदी में भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। 1998 के बाद भी वह भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी हैं। हालांकि, भारत के लिए सबसे ज्यादा उम्र में टेस्ट डेब्यू करने का रिकॉर्ड रुस्तमजी जमशेदजी के नाम है। उन्होंने 41 साल 27 दिन की उम्र में 1993 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला और एकमात्र टेस्ट खेला था। वहीं, दुनिया में सबसे ज्यादा उम्र में टेस्ट डेब्यू करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जेम्स साउथर्टन के नाम है, जिन्होंने मार्च 1877 में 49 साल 119 दिन की उम्र में अपना पहला टेस्ट खेला था।

कौन है सारांश जैन

सारांश जैन ऑलराउंडर हैं और उनकी मुख्य ताकत ऑफ-स्पिन गेंदबाजी है।उन्होंने अप्रैल 2014 में प्रोफेशनल क्रिकेट की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 27.30 की औसत से 188 विकेट लिए हैं। इस दौरान वह 10 बार एक पारी में 5 विकेट भी ले चुके हैं। बल्लेबाजी में सारांश ने 31.75 की औसत से 2,223 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।

पिछले साल प्रदर्शन

पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में सारांश जैन ने मध्य प्रदेश के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 518 रन बनाए थे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 30 विकेट लिए और टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों में दूसरे स्थान पर रहे। उनसे आगे सिर्फ कुमार कार्तिकेय थे, जिन्होंने 35 विकेट लिए थे।

इससे पहले इंडिया A के लिए भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। जून-जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में उन्होंने दूसरे मुकाबले में शानदार खेल दिखाया। इस मैच में सारांश ने 6 विकेट लेने के साथ नाबाद 70 रन भी बनाए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।