Jai Moondra: आयरलैंड ने टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत को 2-0 से हराकर इतिहास रच दिया है। मेजबान टीम ने दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ आयरलैंड पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप करने का कारनामा कर दिखाया। आयरलैंड की इस जीत में भारतीय मूल के खिलाड़ी जय मूंदड़ा ने अहम भूमिका निभाई। अपने डेब्यू मैच में जय मूंदड़ा ने भारतीय टीम के बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी से घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। वहीं इस शानदार प्रदर्शन के बाद जय मूंदड़ा इस समय पूरे क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बने हुए हैं। आइए जानते हैं कौन है भारत में जन्मे जय मूंदड़ा
जय मूंदड़ा का जन्म 10 जनवरी 1997 को राजस्थान के टोंक में हुआ था। साल 2021 में वे इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री करने के लिए आयरलैंड गए, जहां उन्होंने टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी डबलिन में पढ़ाई की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने आईटी क्षेत्र में नौकरी भी की और क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को भी लगातार जिंदा रखा। बाद में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें पेशेवर क्रिकेट खेलने का मौका मिला। जय मूंदड़ा बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ-साथ बाएं हाथ के तेज-मध्यम गेंदबाज भी हैं।
लींस्टर क्रिकेट क्लब से करियर की शुरुआत
आयरलैंड पहुंचने के बाद उन्होंने डबलिन के लींस्टर क्रिकेट क्लब से अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की। लगातार मेहनत और अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्हें घरेलू क्रिकेट में खेलने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आयरलैंड की इंटर-प्रोविंशियल प्रतियोगिता में लींस्टर टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जय मूंदड़ा ने अगस्त 2024 में लींस्टर टीम की ओर से नॉर्थ वेस्ट वॉरियर्स के खिलाफ अपना टी20 डेब्यू किया। इसके बाद मई 2025 में उन्होंने मुंस्टर रेड्स के खिलाफ अपना पहला लिस्ट-ए मुकाबला खेला।
घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अपनी पहचान मजबूत की और साल 2026 के एमराल्ड चैलेंज के लिए फर्स्ट क्लास टीम में भी जगह बनाई, जहां उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारियों का हिस्सा बनने का मौका मिला।
जय मूंदड़ा के क्रिकेट करियर का सबसे बड़ा मौका तब आया, जब उन्हें पहली बार भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए आयरलैंड की टीम में चुना गया। 26 जून को बेलफास्ट में उन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और पहली ही गेंद पर भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन का विकेट लेकर शानदार शुरुआत की। अपने पहले ही मैच में जय ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट लेकर यादगार डेब्यू दर्ज कराया। इसके बाद दूसरे टी20 मुकाबले में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 रन देकर 3 विकेट झटके। उनकी दमदार गेंदबाजी की बदौलत आयरलैंड ने सीरीज का दूसरा मैच भी जीत लिया और भारत को 2-0 से क्लीन स्वीप कर इतिहास रच दिया।
जय मूंदड़ा को दोनों मुकाबलों में बेहतरीन गेंदबाजी करने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। वहीं दूसरे मैच में उनको प्लेयर ऑफ द मैच का भी अवॉर्ड मिला।
भारत को हरा आयरलैंड ने जीती सीरीज
भारत पर मिली यह सीरीज जीत आयरलैंड के क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनी जाएगी। लगातार 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम इस बार आयरलैंड के सामने टिक नहीं सकी। दूसरे मुकाबले में 155 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 9 विकेट पर 153 रन ही बना पाया और 1 रन से मैच हार गया। इससे पहले पहले टी20 में भी टीम इंडिया को 34 रन से हार झेलनी पड़ी थी।