Vaibhav Sooryavanshi: 'मैच खत्म, अब घर जाओ' श्रीलंका खिलाड़ी के इस कमेंट पर भड़के थे वैभव सूर्यवंशी, हुआ खुलासा

IND A vs SL A: इंड‍िया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से निकला। सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने भारत ए को मात दी है। वहीं मैच के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलांबागे के बीच तीखी बहस हो गई थी

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 3:00 PM
जब सूर्यवंशी मैदान से बाहर लौट रहे थे उसी समय श्रीलंका ए के फील्डर विशन हलंबगे ने कथित तौर पर उन्हें स्लेजिंग की

भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। इस बार उनके चर्चा में रहने की वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं, बल्कि मैदान पर हुआ बहस है। सोमवार को दांबुला में खेले गए इंडिया ए और श्रीलंका ए के ट्राई-नेशन सीरीज मुकाबले के मैच खत्म होने के बाद वैभव और श्रीलंका ए के खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। वहीं सोशल मीडिया पर वैभव की लड़ाई का क्लिप तेज से वायरल होने लगा। आइए जानते हैं मैच खत्म होने के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ियों ने ऐसा क्या कहा की वैभव को गुस्सा आ गया।

मैदान पर क्या हुआ था

जब सूर्यवंशी मैदान से बाहर लौट रहे थे उसी समय श्रीलंका ए के फील्डर विशन हलंबगे ने कथित तौर पर उन्हें स्लेजिंग की। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, हलंबगे ने कहा, “मैच खत्म हो गया... अब तुम घर जाओ...”। ये सुनकर सूर्यवंशी नाराज हो गए और वापस मुड़कर श्रीलंकाई खिलाड़ी की ओर बढ़े। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तनाव बढ़ गया और सूर्यवंशी ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दे दिया। स्थिति को बिगड़ता देख श्रीलंका के सीनियर खिलाड़ी निरोशन डिकवेला समेत अन्य खिलाड़ियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग कर मामला शांत कराया।


सुपर ओवर में निकला रिजल्ट

मैच बराबरी पर खत्म होने के बाद रिजल्ट के लिए सुपर ओवर खेला गया। सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने पहले खेलते हुए 17 रन का टारगेट दिया। जवाब में इंडिया ए ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे को बल्लेबाजी के लिए भेजा, लेकिन टीम टारगेट तक नहीं पहुंच सकी। श्रीलंका ए के गेंदबाज कुगाथास मथुलन ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। भारतीय टीम मुकाबले में केवल 9 रन ही बना सकी। श्रीलंका ए ने मुकाबले के अपने नाम किया है।

क्या है आईसीसी का नियम

इस पूरे मामले में एक दिलचस्प बात ये है कि ‘ए’ टीमों के बीच खेले जाने वाले मुकाबलों में आईसीसी सीधे तौर पर मैच अधिकारियों की नियुक्ति नहीं करता और न ही ऐसे मैचों से जुड़े अनुशासनात्मक मामलों की निगरानी करता है। इसके बावजूद, विवाद में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ संबंधित क्रिकेट बोर्ड कार्रवाई कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना को लेकर श्रीलंका ए टीम के ड्रेसिंग रूम में भी चर्चा हुई, जहां यह राय सामने आई कि भारतीय टीम से औपचारिक रूप से माफी मांगी जा सकती है, ताकि मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाया जा सके।

वहीं मैच अधिकारियों के फैसले पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि कम रोशनी के बावजूद सुपर ओवर कराने की अनुमति दी गई थी। इस वजह से उनकी भूमिका की जांच की जा सकती है।

कैसा था भारत ए-श्रीलंका ए का मुकाबला

मुकाबले में इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने शानदार साझेदारी कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला। दोनों बल्लेबाजों ने आठवें विकेट के लिए 100 से ज्यादा रन जोड़कर टीम का स्कोर 265 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, मैच के दौरान विप्रज निगम को पिच पर दौड़ने के नियम का उल्लंघन करने पर दो बार चेतावनी मिली, जिसके कारण भारत ए पर 10 रन की पेनल्टी लगाई गई। जवाब में श्रीलंका ए को आखिरी ओवर में जीत के लिए पांच रन चाहिए थे, लेकिन भारतीय गेंदबाज अरशद खान ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ चार रन दिए और मुकाबला बराबरी पर खत्म हो गया। इसके बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर से हुआ, जिसमें श्रीलंका ए ने बाजी मार ली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।