क्या सूर्यकुमार यादव के हाथ से निकल जाएगी टी20 की कमान? जानें क्या है BCCI का प्लान

भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर नई चर्चाएं सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव की जगह नए कप्तान की तलाश की जा सकती है। जानें बीसीसीआई किन खिलाड़ियों को दे सकती है कप्तानी

अपडेटेड Jun 03, 2026 पर 7:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सूर्यकुमार यादव इस समय अपनी बल्लेबाजी फॉर्म और कलाई की चोट को लेकर दबाव में हैं

भारतीय टी20 टीम के अगले कप्तान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबर है कि विश्व कप विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव से टी20 की कमान छीनी जा सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रेयस अय्यर इस रेस में सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल हैं। वहीं इस लिस्ट में शुभमन गिल, अक्षर पटेल, ईशान किशन और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों के नाम भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के भविष्य को लेकर विचार किया जा रहा है। वहीं इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

टी20 की कप्तानी में हो सकता है बदलाव

TOI के रिपोर्ट के मुताबिक, "अजीत अगरकर बेहद मजबूत और प्रभावशाली मुख्य चयनकर्ताओं में से एक हैं। उन्होंने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई कठिन फैसले लिए हैं और अपनी चयन समिति के साथ मिलकर टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कप्तानी को लेकर एक स्पष्ट योजना तैयार की है।" इसी वजह से श्रेयस अय्यर को वनडे टीम का उपकप्तान बनाया गया और टी20 विश्व कप से पहले भारत की आखिरी बाइलेटरल सीरीज में भी शामिल किया गया। वहीं अब सबसे बड़ा सवाल ये हैं कि क्या श्रेयस अय्यर मुख्य कोच गौतम गंभीर की भी पहली पसंद हैं या उनके मन में किसी अन्य खिलाड़ी का नाम है। यही बातें फिलहाल चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई हैं।


अय्यर को लेकर बीसीसीआई का प्लान

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को टीम में नंबर चार की भूमिका के लिए एक मजबूत विकल्प माना जा रहा है। भविष्य में वह इस स्थान पर खेलते हुए प्लेइंग इलेवन में सूर्यकुमार यादव की जगह ले सकते हैं। वहीं सूर्यकुमार यादव इस समय अपनी बल्लेबाजी फॉर्म और कलाई की चोट को लेकर दबाव में हैं। वहीं मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज ने किसी भी तरह की चोट की खबरों को खारिज किया है। सूर्या ने पहले कहा था कि उनका लक्ष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खेलना है।

ये खिलाड़ी भी हैं रेस में शामिल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टी20 टीम की कप्तानी की दौड़ में श्रेयस अय्यर के अलावा शुभमन गिल, अक्षर पटेल, ईशान किशन और तिलक वर्मा के नाम भी चर्चा में हैं। वहीं, संजू सैमसन को इस रेस में ज्यादा मजबूत दावेदार नहीं माना जा रहा है। वहीं श्रेयस अय्यर के पक्ष में सबसे बड़ी बात उनका कप्तानी का एक्सपीरिएंस है। वह आईपीएल में अपनी टीम को खिताब दिला चुके हैं और एक अन्य सीजन में टीम को फाइनल तक भी पहुंचा चुके हैं। इसके अलावा, वह लीग के सबसे अनुभवी सक्रिय कप्तानों में भी गिने जाते हैं, जिससे उनकी दावेदारी और मजबूत मानी जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।