Women World Cup: भारतीय महिला क्रिकेटरों को हीरे के जेवर और सोलर पैनल...सूरत के कारोबारी का बड़ा ऐलान

Women World Cup: कुछ खिलाड़ी व्यक्तिगत रूप से भी सम्मानित हो रही हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसी तरह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी खिलाड़ी क्रांति गौड़ को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने का फैसला किया है

अपडेटेड Nov 04, 2025 पर 6:04 PM
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 3 नवंबर की आधी रात अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीता

Women World Cup:  भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 3 नवंबर की आधी रात अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच दिया और कई सालों का इंतजार खत्म कर दिया। यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। इस उपलब्धि के बाद खिलाड़ियों को सिर्फ सम्मान ही नहीं, बल्कि बड़े इनाम भी मिल रहे हैं। सोमवार को BCCI ने ऐलान किया कि टीम की इस बड़ी जीत के लिए खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और सिलेक्शन कमेटी को कुल 51 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। यह रकम उस 40 करोड़ रुपये की प्राइज मनी के अलावा है, जो टीम को ICC से मिलेगी।

BCCI ने दिया 51 करोड़ का इनाम

ध्यान देने वाली बात यह है कि यह इनाम हाल ही में हुए पुरुषों के 50 ओवर वाले ICC टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया को मिली प्राइज मनी से लगभग 297% ज़्यादा है। यह किसी भी वर्ल्ड कप के इतिहास में महिला टीम के लिए दिया जाने वाला सबसे बड़ा इनाम है। इस जीत ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई पहचान दी है और देशभर में महिला खिलाड़ियों का मनोबल और भी बढ़ाया है। भारतीय महिला टीम की इस उप्लब्धि पर सूरत से राज्यसभा सांसद गोविंद ढोलकिया ने बड़ा ऐलान किया है।


हीरे की ज्वेलरी और सोलर पैनल देने का ऐलान

सूरत से राज्यसभा सांसद और श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर-चेयरमैन गोविंद ढोलकिया ने भी खिलाड़ियों को खास इनाम देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि टीम को कैश पुरस्कार के साथ-साथ हर खिलाड़ी के घर पर सोलर पैनल लगवाए जाएंगे और उन्हें हाथ से बनी हीरे की ज्वेलरी भेंट की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढोलकिया ने इसके लिए BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को एक पत्र लिखा है।

खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश

इसके अलावा, कुछ खिलाड़ी व्यक्तिगत रूप से भी सम्मानित हो रही हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसी तरह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी खिलाड़ी क्रांति गौड़ को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने का फैसला किया है। इन इनामों और सम्मान से खिलाड़ियों का मनोबल और भी बढ़ गया है और देश भर में उनकी सफलता का जश्न मनाया जा रहा है।

वहीं भारत की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के बाद, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) ने टीम की तीन सदस्यों को सम्मानित करने का फैसला किया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, ऑलराउंडर अमनजोत कौर और फील्डिंग कोच मुनीश बाली को खास फाइनेंशियल अवॉर्ड दिए जाएंगे। PCA के मुताबिक, मुनीश बाली को 5 लाख रुपये और हरमनप्रीत व अमनजोत को 11-11 लाख रुपये दिए जाएंगे। एसोसिएशन ने यह भी बताया कि इन तीनों के योगदान को सम्मान देने के लिए जल्द ही एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।