WTC Points Table: भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज को मात दी है। शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 140 रनों से करारी शिकस्त दी। इस मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसान जीत अपने नाम की। वहीं इस शानदार जीत के बाद भी भारतीय टीम के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में कोई फायदा नहीं हुआ है। वेस्टइंडीज पर शानदार जीत दर्ज करने के बावजूद भारत अभी भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है।
वेस्टइंडीज पर जीत के बावजूद भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। हालांकि, टीम का प्रतिशत अंक (PCT) 46.67 से बढ़कर अब 55.56 हो गया है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा साइकल में भारत ने अब तक छह मुकाबले खेले हैं, जिनमें से तीन में जीत, दो में हार और एक मैच ड्रॉ रहा है। इन प्रदर्शन के साथ टीम इंडिया के कुल अंक अब 40 हो गए हैं। वेस्टइंडीज की टीम फिलहाल अंक तालिका में छठे स्थान पर है और इस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में अब तक खेले गए अपने सभी चार मैच हार चुकी है।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 10 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें जीत के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। अगर भारत दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराने में सफल रहता है, तो उसका प्रतिशत अंक (PCT) बढ़कर 61.90 हो जाएगा। हालांकि, इतना होने के बाद भी टीम इंडिया श्रीलंका को पीछे छोड़कर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल नहीं कर पाएगी।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक तीनों टेस्ट मैच जीते हैं और उसका जीत प्रतिशत 100 है। दूसरे स्थान पर श्रीलंका है, जिसने दो मैचों में से एक जीता और एक गंवाया है। श्रीलंका का जीत प्रतिशत 66.67 है। वहीं, भारत से पहले टेस्ट में हार झेलने के बाद वेस्टइंडीज छठे पायदान पर पहुंच गई है।
कैसा था भारत और वेस्टइंडीज का मैच
भारत ने शनिवार 4 अक्टूबर को वेस्टइंडीज को एक पारी और 140 रनों से मात देकर पहला टेस्ट अपने नाम किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज पहली पारी में 286 रनों से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में केवल 146 रन ही बना सकी। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 13 ओवर में 54 रन देकर चार विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद सिराज ने तीन खिलाड़ियों को आउट कर शानदार प्रदर्शन किया।