WPL 2026 स्पॉन्सरशिप के लिए मची होड़! वर्ल्ड कप जीत का मिल रहा बड़ा फायदा
विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत 9 जनवरी से होगी। इसी दिन सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। नए सीजन को लेकर लीग की फ्रैंचाइजियों में स्पॉन्सरशिप के लिए काफी उत्साह नजर आ रहा है
इस बार के सीजन में भारत की 2025 वर्ल्ड कप जीत का असर अब साफ तौर पर नजर आ रहा है
महिला क्रिकेट के सबसे बड़े लीगों में से एक विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के चौथे सीजन का शानदार अंदाज में शुरुआत होने जा रहा है। विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत 9 जनवरी से होगी। इसी दिन सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। वहीं इस बार के सीजन में भारत की 2025 वर्ल्ड कप जीत का असर अब साफ तौर पर नजर आ रहा है। नए सीजन को लेकर लीग की फ्रैंचाइजियों में स्पॉन्सरशिप के लिए काफी उत्साह नजर आ रहा है।
दिल्ली ने जुड़े कई नए ब्रांड
इस साल दिल्ली कैपिटल्स में लोग ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) सुनील गुप्ता ने इसका क्रेडिट वर्ल्ड कप जीत को दिया है। मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा कि, "इंडियन विमेंस टीम की इस ऐतिहासिक सफलता ने एक ऐसा कल्चरल माहौल बनाया, जिसने सीधे तौर पर कमर्शियल और स्पॉन्सरशिप के मौके बढ़ा दिए।"
इस सीजन के लिए फ्रैंचाइजी के साथ कुल मिलाकर करीब एक दर्जन जर्सी और ऑफिशियल पार्टनर जुड़े हैं। इनमें कुछ बिल्कुल नए ब्रांड हैं, जबकि कुछ पुराने पार्टनरों ने अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाने का फैसला किया है, जिससे टीम की कमर्शियल मजबूती साफ तौर पर नजर आती है।
2025 वर्ल्ड कप की जीत का मिला फायदा
UP वॉरियर्स ने भी इस साल ब्रांड्स की बढ़ती दिलचस्पी महसूस की है। टीम ने पिछले सीजन के सात स्पॉन्सरों के मुकाबले इस बार नौ स्पॉन्सर साइन किए हैं। कैप्री स्पोर्ट्स (UP वॉरियर्स की पेरेंट कंपनी) के COO क्षेमल वैनगंकर ने कहा कि, "2025 वर्ल्ड कप की जीत भारत में महिला क्रिकेट के लिए एक बेहद अहम मोड़ साबित हुई है और इसका असर इस सीजन में स्पॉन्सरशिप से जुड़ी बातचीत में साफ तौर पर दिखा है।" उन्होंने आगे कहा, "ब्रांड अब महिला खेलों को किसी ट्रायल या टेस्ट केस की तरह नहीं देख रहे, बल्कि बड़े पैमाने, मजबूत जुड़ाव और गंभीर कमर्शियल वैल्यू वाली एक मेनस्ट्रीम प्रॉपर्टी के रूप में देख रहे हैं।"
टीम के स्पॉन्सर के तौर पर अमूल, लॉरियल प्रोफेशनल, BKT टायर्स, ईजमाईट्रिप, केयर हेल्थ इंश्योरेंस, प्रोंटो, जॉय स्किनकेयर, नैशर माइल्स और PCJ शामिल हैं। वैनगंकर के मुताबिक, "यह इजाफा सिर्फ स्पॉन्सरों की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मौजूदा पार्टनर्स के लगातार भरोसे और उन नई कैटेगरीज की एंट्री को भी दिखाता है, जो अब विमेंस प्रीमियर लीग के इकोसिस्टम से जुड़ने में खुद को सहज महसूस कर रही हैं।"
मुंबई से जुड़े ये ब्रांड्स
इस साल मुंबई इंडियंस ने डी बीयर्स ग्रुप को स्पॉन्सर के तौर पर जोड़ा है, जो इस ब्रांड की स्पोर्ट्स स्पॉन्सरशिप में पहली एंट्री मानी जा रही है। टीम के प्रवक्ता के मुताबिक, महिला क्रिकेट के लिए बीते साल के शानदार प्रदर्शन के बाद इस सीजन में उनके स्पॉन्सर पोर्टफोलियो की वैल्यू में साफ तौर पर बड़ा इजाफा देखने को मिला है, जिससे टीम की कमर्शियल ताकत और भरोसा दोनों मजबूत हुए हैं।
पिछले सीजन के मुकाबले टीम के साथ जुड़े ब्रांड्स की संख्या आठ से बढ़कर अब 10 हो गई है। मौजूदा स्पॉन्सर लाइन-अप में प्रिंसिपल पार्टनर लोटस हर्बल्स और अशोक लेलैंड के अलावा स्केचर्स, डी बीयर्स ग्रुप, उषा, DHL, सोफ्रामाइसिन, अमूल प्रोटीन और ESA शामिल हैं।
टीम के स्पोक्सपर्सन ने कहा, "छह ब्रांड लंबे समय से WPL में MI से जुड़े हुए हैं, जबकि तीन नए ब्रांड अलग-अलग कैटेगरी से आए हैं, जिससे स्पॉन्सर रोस्टर और ज्यादा विविध हो गया है।" उन्होंने कहा कि, ये मोमेंटम WPL की लगातार ग्रोथ को भी दिखाता है, जिससे महिला क्रिकेट एक साबित और तेजी से वैल्यूएबल कमर्शियल प्लेटफॉर्म के तौर पर मजबूत हुआ है।"
भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
पिछले साल भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम को 52 रन से हराकर वर्ल्ड कप जीत लिया था। इस जीत का जश्न सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसका जश्न देशभर में मनाया गया। मार्केटिंग विशेषज्ञों का मानना है कि, ये पल भारत में महिला खेलों के लिए बेहद अहम साबित हुआ है और इस जीत के बाद महिला क्रिकेट की स्टार खिलाड़ियों की ब्रांड वैल्यू और एंडोर्समेंट की मांग तेजी से बढ़ सकती है, यहां तक कि इसमें दोगुना उछाल आने की उम्मीद भी जताई जा रही है।