WTC Points Table: ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद बदली WTC की तस्वीर, बांग्लादेश को हुआ बड़ा फायदा, जानें भारत का कैसा हाल

WTC 2025-27: बांग्लादेश ने डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलियाई धरती पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज की। यह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की दूसरी जीत है। इस ऐतिहासिक मुकाबले के बाद WTC पॉइंट्स टेबल में भी बदलाव हुआ है। आइए जानते हैं ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद भारत कौन से नंबर पर है

अपडेटेड Aug 16, 2026 पर 3:18 PM
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत का फायदा बांग्लादेश को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में भी मिला है

WTC 2025-27: डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में बांग्लादेश ने इतिहास रच दिया। बांग्लादेश पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हरा दिया। ये ऑस्ट्रेलिया की धरती पर बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत है। वहीं टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह बांग्लादेश की दूसरी जीत है। बांग्लादेश ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलिया को उसके ही घर में हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। डार्विन टेस्ट के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वाइंट्स टेबल में भी काफी बदलाव हुआ है। आइए जानते हैं ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद भारत कौन से नंबर पर है।

बांग्लादेश चौथे स्थान पर

डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत का फायदा बांग्लादेश को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में भी मिला है। इस जीत के बाद बांग्लादेश के कुल अंक 60 हो गए हैं, जबकि उसका पॉइंट्स परसेंटेज बढ़कर 66.67 हो गया है। पहले यह 58.33 प्रतिशत था। लेकिन, बेहतर प्रदर्शन के बावजूद बांग्लादेश की टीम WTC की मौजूदा अंक तालिका में चौथे पायदान पर ही बनी हुई है। डार्विन टेस्ट से पहले बांग्लादेश ने अपने घर में पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी और अब ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराकर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है।


पहले स्थान पर काबिज ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश के खिलाफ हार का नुकसान WTC की अंक तालिका में तो नहीं हुआ और टीम अभी भी पहले नंबर पर बनी हुई है। इस हार के बाद भी ऑस्ट्रेलिया WTC 2025-27 की अंक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है, लेकिन उसका पॉइंट्स परसेंटेज 87.50 से घटकर 77.77 हो गया है। मौजूदा WTC चक्र में ऑस्ट्रेलिया अब तक 9 में से 2 टेस्ट हार चुका है और खास बात यह है कि दोनों मुकाबलों में उसे अपने ही घर में हार का सामना करना पड़ा है।

5वें नंबर पर भारत

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में भारत फिलहाल 48.15 प्रतिशत पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर है। अगर श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट को भारतीय टीम जीत जाती है तो भी टीम की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं होगा। इस जीत से भारत का पॉइंट्स परसेंटेज बढ़कर 53.33 हो जाएगा, जिससे WTC अभियान में टीम की स्थिति पहले के मुकाबले बेहतर जरूर हो जाएगी।

श्रीलंका सीरीज होगी अहम

श्रीलंका के लिए भारत के खिलाफ गॉल टेस्ट काफी अहम है, क्योंकि जीत मिलते ही टीम WTC की अंक तालिका में भारत को पीछे छोड़ सकती है। अगर श्रीलंका मुकाबला जीतता है तो उसका पॉइंट्स परसेंटेज 53.33 हो जाएगा और वह पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगा, जबकि भारत 43.33 प्रतिशत के साथ छठे नंबर पर खिसक जाएगा। वहीं, मैच के ड्रॉ होने पर श्रीलंका का PCT 40.00 और भारत का 46.66 प्रतिशत रह जाएगा। हालांकि ड्रॉ की स्थिति में दोनों टीमों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।