रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने शादी कर ली है। खबरों के मुताबिक क्रिकेटर यश दयाल ने पिछले महीने कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। ये शादी 4 फरवरी को उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक निजी समारोह में हुई, जिसमें सिर्फ परिवार के करीबी लोग और कुछ रिश्तेदार ही मौजूद थे। यश दयाल की शादी की खबर सामने आने के बाद से फैंस और क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये समारोह काफी सिंपल रखा गया था, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए। इस कार्यक्रम में क्रिकेट जगत की कोई बड़ी हस्ती मौजूद नहीं थी। बता दें यश दयाल ने अभी तक सोशल मीडिया पर अपनी शादी की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है
यश दयाल इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते नजर आएंगे। यश दयाल ने साल 2022 में गुजरात टाइटन्स के साथ आईपीएल में अपना करियर शुरू किया था और उसी सीजन में टीम की खिताबी जीत का हिस्सा भी रहे थे। साल 2023 में वह तब काफी चर्चा में आए जब रिंकू सिंह ने उनकी गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाकर केकेआर को यादगार जीत दिलाई थी। इसके बाद 2024 में दयाल आरसीबी की टीम से जुड़ गए और तब से इसी फ्रेंचाइजी के साथ खेल रहे हैं। उसी साल उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में चुना गया, लेकिन अब तक उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका नहीं मिला है।
यश दयाल पर लगे हैं ये आरोप
ये शादी ऐसे समय में हुई है जब बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल एक कानूनी मामले को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर कई साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। हालांकि जनवरी 2026 में राजस्थान हाई कोर्ट ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। इससे पहले एक निचली अदालत उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी थी, जिसके कारण उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई थी।
लोगों के मन में ये सवाल है कि यश दयाल की पत्नी कौन हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश दयाल की पत्नी का नाम श्वेता पुंडीर है, जो एक कंटेंट क्रिएटर हैं। हाल ही में श्वेता ने सोशल मीडिया पर यश के साथ एक रील भी शेयर की थी, जिससे दोनों के रिश्ते की चर्चा तेज हो गई। इसके अलावा वह यश से जुड़ी एक और पोस्ट भी अपने अकाउंट पर साझा कर चुकी हैं।