लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में इस बार क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के इस फैसले से फैंस काफी एक्साईटेड है। भारतीय उपमहाद्वीप में इसके ब्रॉडकास्ट राइट्स के लिए लिए बोली प्रक्रिया शुरू कर दी है। ब्रॉडकास्टर इसके लिए 13 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में IOC की एक वरिष्ठ अधिकारी ऐनी-सोफी वोमार्ड ने कहा, LA ओलंपिक में T20 क्रिकेट की वापसी भारत और आसपास के देशों के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
CNBC-TV18 से बात करते हुए IOC की एक वरिष्ठ अधिकारी ऐनी-सोफी वोमार्ड ने कहा, भारत में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला खेल क्रिकेट है और T20 क्रिकेट का ओलंपिक में शामिल होना न सिर्फ भारत बल्कि पूरे ओलंपिक आंदोलन के लिए एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है।
ऐनी-सोफी वोमार्ड ने क्या कहा
ऐनी-सोफी वोमार्ड ने कहा, "ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी एक नई प्रतियोगिता की शुरुआत जैसी है। जो भी प्रसारण अधिकार हासिल करेगा, वह पहली बार भारतीय दर्शकों के लिए ओलंपिक में क्रिकेट लेकर आएगा। यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक पल है और साथ ही बेहद खास भी, क्योंकि खेल सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेंगे। हमारा मानना है कि जो भी मीडिया पार्टनर बनेगा, वह भारत में बाकी ओलंपिक खेलों के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा। हमें उम्मीद है कि इससे देशभर के युवा नई खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित होंगे और एक ज्यादा सक्रिय लाइफस्टाइल अपनाएंगे।”
ऐनी-सोफी वोमार्ड ने कहा, "हम ऐसा साझेदार चाहते हैं जो हमारे जैसे मूल्यों में विश्वास रखता हो, यही हमारी पहली प्राथमिकता है। हम कई कंपनियों से बात कर रहे हैं और यह भी जानने की कोशिश कर रहे हैं कि उनके लिए क्या अहम है। दरअसल, यह सिर्फ बातचीत भर नहीं, बल्कि उन्हें यह समझाने की भी प्रक्रिया है कि ओलंपिक आंदोलन क्या करता है और यह उनकी व्यावसायिक सोच और लक्ष्यों को कैसे पूरा कर सकता है।" ऐनी-सोफी वोमार्ड ने कहा कि वे कई भारतीय ब्रांड्स से बात कर रहे हैं और जल्द ही ऐसा प्रायोजक मिलने की उम्मीद है जो ओलंपिक मूल्यों से जुड़ा हो।
भारत का मीडिया मार्केट काफी एक्टिव
ऐनी-सोफी वोमार्ड ने कहा, "फिलहाल भारत का मीडिया मार्केट काफी सक्रिय और प्रतिस्पर्धी है, इसी वजह से हमने एक औपचारिक और पारदर्शी बोली प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है, जिसमें सभी इच्छुक कंपनियों को समान अवसर मिलेगा। हम प्रसारण अधिकारों के लिए किस कीमत की उम्मीद कर रहे हैं, यह तो गोपनीय है, लेकिन हमें भरोसा है कि यह रकम पिछली बार की तुलना में कई गुना ज्यादा हो सकती है।” बता दें वायकॉम18 ने 2024 पेरिस ओलंपिक के ब्रॉडकास्ट राइट्स 31 मिलियन डॉलर में लिए थे। अब IOC को 2028 ओलंपिक के लिए कई पारदर्शी बोलियों की उम्मीद है।
2036 ओलंपिक भारत कर सकता है होस्ट
IOC ने भारत की ओर से 2036 ओलंपिक की मेजबानी करने की इच्छा को सराहा है। हाल ही में केंद्रीय खेल मंत्रालय, गुजरात सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने स्विट्जरलैंड के लौसाने में IOC अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अहमदाबाद को भारत की ओर से ओलंपिक की मेजबानी के लिए चुने गए शहर के रूप में औपचारिक तौर पर पेश किया।