T20 World Cup 2026: आज भारतीय टीम नामिबिया से अपना दूसरा टी-20 वर्ल्ड कप 2026 मैच खेलेगी। लेकिन इससे पहले एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार शाम को प्रैक्टिस सेशन के दौरान टीम इंडिया के ओपनर ईशान किशन चोटिल हो गए। वहीं दूसरी तरफ विस्फोटक बल्लेबाज और ओपनर अभिषेक शर्मा पहले से ही बीमारी से जूझ रहे हैं।
बता दें कि बुधवार यानी 11 फरवरी को प्रैक्टिस सेशन के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की यॉर्कर ईशान किशन के बाएं पैर के अंगूठे पर जा लगी। गेंद लगते ही ईशान दर्द से कराहते हुए जमीन पर लेट गए। टीम के फिजियो ने तुरंत उनकी जांच की। इसके बाद ईशान लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर चले गए।
हालांकि, कुछ देर बाद ईशान किशन ने दोबारा नेट्स पर बल्लेबाजी करने की कोशिश की, लेकिन वह ज्यादा देर तक नहीं चल सके। फिलहाल, अभी उनके चोट को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोई ताजा अपडेट जारी नहीं किया है।
पेट में इन्फेक्शन से अभिषेक शर्मा की मुश्किलें बढ़ी
अभिषेक शर्मा के पेट में इन्फेक्शन होने से उनकी मुश्किले बढ़ गई है। वह दो दिनों तक दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती रहे और बुधवार को उन्हें छुट्टी मिली। ऐसे में उनका नामीबिया के खिलाफ खेलना मुश्किल है।
प्रैक्टिस के बाद युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बताया कि अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। अगर वे उपलब्ध नहीं होते हैं तो विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। संजू ने बुधवार को नेट्स पर लंबा अभ्यास किया।
बता दें कि पिछले कुछ हफ्तों से संजू सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। जिस वजह से मुंबई में खेले गए पहले वर्ल्ड कप मैच में उन्हें ओपनर के तौर पर मौका नहीं मिला।
इस पर टेन डेशकाटे ने साफ कहा कि चयन को लेकर टीम को ईमानदार रहना होता है। संजू को पूरा समर्थन मिला, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में ईशान के प्रदर्शन के बाद पहले मैच का चयन स्पष्ट था। उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट लंबा है और सभी 15 खिलाड़ी टीम के लिए अहम हैं।
हालांकि, नेट्स में संजू ने करीब 30 मिनट तक तेज गेंदबाजों का सामना किया। शुरुआत में वे थोड़ा सतर्क दिखे, लेकिन बाद में उनकी टाइमिंग बेहतर होती गई। स्पिन के खिलाफ उनका आत्मविश्वास ज्यादा नजर आया, जो नामीबिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज के खिलाफ काम आ सकता है।
बुमराह फिट, वापसी की उम्मीद
इस बीच तिलक वर्मा ने यॉर्कर स्पेशलिस्ट जसप्रीत बुमराह की सेहत को लेकर सकारात्मक जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बुमराह अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और लगभग पूरी तरह फिट हैं। मैच से पहले टीम के पास एक दिन का समय है, और अगर उनकी रिकवरी इसी तरह जारी रही तो अंतिम निर्णय टीम मैनेजमेंट लेगा। उम्मीद है कि वह नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में उपलब्ध रहेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों के फिटनेस पर सबकी नजर
आज नामिबिया से होने वाले मैच को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मैच से पहले अहम तैयारी के रूप में देख रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों का फिट रहना भी टीम के लिए बहुत जरूरी है, जिसपर सभी नजरें टिकी हुई हैं।