India vs Namibia T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में अमेरिका पर मिली शानदार जीत के बाद भारत गुरुवार (12 फरवरी) को नई दिल्ली में नामीबिया से भिड़ेगा। मौजूदा चैंपियन भारत टूर्नामेंट में अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत एक अनुभवी टीम के साथ इस मैच में फेवरेट के तौर पर उतरेगा। जबकि नामीबिया इस मौके का इस्तेमाल दुनिया की टॉप टीम के खिलाफ खुद को परखने के लिए मजबूती से मुकाबला करने की कोशिश करेगा।
भारत को नामीबिया से किसी तरह का खतरा नहीं है। लेकिन सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पेट के संक्रमण के कारण मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित टीम मैनेजमेंट चिंतित होगा। इससे उसकी योजनाओं पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में वानखेड़े की चिपचिपी पिच पर बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। अब उन्हें फिरोज शाह कोटला की पिच पर आक्रामक खेल दिखाना चाहेगा, जिसे बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन पिच कहा जा सकता है।
नामीबिया के खिलाफ भारत का पलड़ा बहुत भारी है जिसकी टीम इसी मैदान पर नीदरलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। इस तरह से देखा जाए तो भारत के लिए पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले यह मैच अभ्यास मैच की तरह है। भारत अगर टॉस जीतता है तो वह पहले बल्लेबाजी करना चाहेगा ताकि उसके बल्लेबाजों को पर्याप्त अवसर मिल सके। नामीबिया का गेंदबाजी आक्रमण खास नहीं है और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रही कोई भी टीम उसको छठी का दूध याद दिला सकती है।
भारत के लिए अभिषेक का पेट का संक्रमण और वायरल बुखार चिंताजनक है। उन्हें दो दिन भर्ती रहने के बाद बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। नामीबिया के खिलाफ मैच खराब फॉर्म से जूझ रहे संजू सैमसन के लिए लय में लौटने का एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है। लगातार असफलताओं के चलते उन्हें अपनी जगह ईशान किशन के हाथों गंवानी पड़ी, जो इस समय शानदार फॉर्म में हैं।
भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रोकना नामीबिया के लिए कड़ी चुनौती होगी। उनके बल्लेबाजों के लिए जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या की गेंदों का सामना करना और भी चुनौतीपूर्ण होगा। नामीबिया के शीर्ष छह बल्लेबाजों में से केवल ऑलराउंडर जेजे स्मिट का स्ट्राइक रेट 140 से अधिक है।
चक्रवर्ती का सामना करना नामीबिया की टीम के लिए बहुत बड़ी चुनौती हो सकती है क्योंकि वे आमतौर पर इतने उच्च स्तर के गेंदबाजों का सामना नहीं करते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की कार्यक्रम बनाने वाली टीम ने यह सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के खिलाफ व्यावसायिक रूप से महत्वपूर्ण मैच को छोड़कर भारत के लीग चरण के बाकी मैच ऐसी टीमों के खिलाफ हों जो इस प्रारूप में भारत की ए, बी या सी टीम से भी हार जाएंगी।
टूर्नामेंट से पहले एक अभ्यास मैच में भारत ए ने नामीबिया को 100 से कम रन पर आउट कर दिया था। अगर पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कुछ गड़बड़ भी हो जाए तब भी भारत सुपर आठ में पहुंच जाएगा, जहां असली परीक्षा शुरू होगी। वहां भी ग्रुप इस तरह से तैयार किए गए हैं कि अगर भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसे न तो ऑस्ट्रेलिया और न ही दक्षिण अफ्रीका का सामना करना पड़ेगा।
मैच शुरू होने का समय: गुरुवार शाम 7 बजे।
मैच कहां होगा?: अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
मैच लाइव कहां देखें?- मैच का भारत में सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा लाइव स्ट्रीमिंग JioStar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह।
नामीबियाई टीम: गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जान बाल्ट, ज़ेन ग्रीन (विकेटकीपर), मालन क्रूगर, डायलन लीचर, लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिनक, जान निकोल लोफ्टी-ईटन, विलियम मायबर्ग, जे जे स्मिट, जैक ब्रासेल, मैक्स हेंगो, बर्नार्ड शोल्ट्ज़, बेन शिकोंगो, रूबेन ट्रम्पेलमैन।